प्रधानमंत्री आवास योजना में लापरवाही पर कार्रवाई, गंगापुर सिटी के तीन ग्राम विकास अधिकारियों को चार्जशीट
गंगापुर सिटी में प्रधानमंत्री आवास योजना की न्यून प्रगति पर तीन ग्राम विकास अधिकारियों को चार्जशीट जारी की गई। विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर ने समीक्षा बैठक में आवास निर्माण, स्वच्छता और जल संरक्षण के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

तस्वीर में गंगापुर सिटी पंचायत समिति सभागार में विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री आवास योजना और विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा बैठक चल रही है।
गंगापुर सिटी में प्रधानमंत्री आवास योजना की धीमी प्रगति पर प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए तीन ग्राम विकास अधिकारियों को चार्जशीट जारी की है। पंचायत समिति गंगापुर सिटी के सभागार में विकास अधिकारी डॉ. जगदीश गुर्जर की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में योजनाओं की प्रगति का आकलन किया गया और लंबित कार्यों को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल संचय जन भागीदारी अभियान सहित विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। प्रधानमंत्री आवास योजना में न्यून प्रगति वाली ग्राम पंचायतों के ग्राम विकास अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की गई। इनमें ग्राम पंचायत चूली के ग्राम विकास अधिकारी कुलदीप मीना, ग्राम पंचायत पीलोदा के ग्राम विकास अधिकारी शरद माथुर तथा ग्राम पंचायत जीवली की ग्राम विकास अधिकारी संतरा मीना शामिल हैं।
डॉ. जगदीश गुर्जर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति पर विशेष जोर देते हुए स्वीकृत आवासों को शत-प्रतिशत पूर्ण करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आवास निर्माण के लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए और पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने में किसी प्रकार की कोताही नहीं बरती जाए।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था बनाए रखने, नियमित सफाई करवाने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। वहीं, जल संचय जन भागीदारी अभियान के अंतर्गत जल संरक्षण एवं वर्षा जल संचयन से जुड़े कार्यों को प्रभावी ढंग से क्रियान्वित करने पर जोर दिया गया।
विभिन्न फ्लैगशिप योजनाओं की समीक्षा के दौरान विकास अधिकारी ने कार्मिकों को निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजनाओं की प्रगति में सुधार लाना सभी संबंधित कार्मिकों की जिम्मेदारी है। कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए और प्रगति में आ रही बाधाओं का समय रहते निराकरण किया जाए।
डॉ. गुर्जर ने स्पष्ट किया कि ग्रामीण विकास से जुड़े कार्यों में लापरवाही और निर्धारित लक्ष्यों की अनदेखी को गंभीरता से लिया जाएगा। उन्होंने सभी कार्मिकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में पंचायत समिति कार्यालय के कार्मिक एवं ग्राम पंचायतों के कर्मचारी उपस्थित रहे। बैठक में योजनाओं की प्रगति सुधारने, लंबित आवासों को पूरा कराने और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता एवं जल संरक्षण से जुड़े कार्यों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
