हिण्डौन सिटी में ई-मित्र केंद्रों पर निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूलने और अन्य अनियमितताओं की शिकायत पर सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग ने कार्रवाई की है। नगर परिषद हिण्डौन सिटी के वार्ड नंबर 25 के पार्षद हिमांशु दत्तात्रेय की ओर से जिला कलेक्टर को की गई शिकायत के बाद विभागीय टीम ने शहर के ई-मित्र कियोस्कों का औचक निरीक्षण किया। जांच में अनियमितताएं मिलने पर एक कियोस्क को 15 दिवस के लिए निलंबित कर 5000 रुपये का जुर्माना लगाया गया है, जबकि दो अन्य ई-मित्र संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग करौली के संयुक्त निदेशक (सिस्टम एनालिस्ट) प्रेम किशन ने ब्लॉक प्रोग्रामर हिण्डौन की जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई का कार्यालय आदेश जारी किया। आदेश के अनुसार, कियोस्क धारक रहीस अहमद (कियोस्क कोड K107323226) के केंद्र पर निरीक्षण के दौरान विभिन्न अनियमितताएं और पहली बार ओवरचार्जिंग का मामला सामने आया। इस पर 5000 रुपये की शास्ति लगाते हुए कियोस्क को 15 दिन के लिए निलंबित कर दिया गया।

इस केंद्र के संबंध में पूर्व में जारी नोटिस में निर्धारित शुल्क सूची प्रदर्शित नहीं करने, विद्युत बिल जमा करने के नाम पर 10 रुपये लेने, जनआधार अपडेट के लिए निर्धारित 50 रुपये के बजाय 100 रुपये वसूलने और पेंशन सत्यापन के नाम पर 350 रुपये लेने जैसी शिकायतें सामने आई थीं।

इसी क्रम में सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार विभाग के ब्लॉक मुख्यालय हिण्डौन के प्रोग्रामर भूपेन्द्र महावर ने 25 नवंबर को शहर के ई-मित्र केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के आधार पर दो अन्य कियोस्क संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।

कियोस्क धारक सोहन सिंह राजपूत (कोड K107209451) के केंद्र पर निरीक्षण के दौरान ई-मित्र लाइसेंस चस्पा नहीं मिला। इसके अलावा शिकायत रजिस्टर और ट्रांजेक्शन रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं थे। जांच में सामने आया कि निःशुल्क सेवा होने के बावजूद विद्युत बिल जमा करने के लिए 10 रुपये लिए जा रहे थे। वहीं, जनआधार अपडेशन के लिए निर्धारित 50 रुपये के स्थान पर 100 रुपये वसूले जा रहे थे। ग्राहकों को लेनदेन की रसीद भी नहीं दी जा रही थी।

दूसरे कियोस्क धारक बन्ना सिंह गुर्जर (कोड K107238212) के केंद्र पर भी निरीक्षण के दौरान ई-मित्र लाइसेंस चस्पा नहीं पाया गया। यहां शिकायत पुस्तिका और सेवा संधारण (ट्रांजेक्शन) रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं थे।

विभाग ने दोनों नोटिस प्राप्तकर्ता संचालकों को निर्देश दिए हैं कि वे पत्र प्राप्ति के तीन दिवस के भीतर ट्रांजेक्शन रजिस्टर और शिकायत पुस्तिका के साथ कार्यालय में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर अपना स्पष्टीकरण दें। विभाग ने चेतावनी दी है कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर आगे विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

विभागीय कार्रवाई का स्वागत करते हुए पार्षद हिमांशु दत्तात्रेय ने कहा कि सरकारी योजनाओं और ऑनलाइन सेवाओं के नाम पर गरीब, मजदूर, किसान और आमजन से निर्धारित शुल्क से अधिक वसूली किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य ई-मित्र सेवाओं में पूर्ण पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करवाना है, ताकि आम नागरिक बिना किसी आर्थिक शोषण के सरकारी सेवाओं का लाभ उठा सकें। विभाग की इस कार्रवाई से ई-मित्र केंद्रों पर निर्धारित शुल्क और सेवा संबंधी नियमों के पालन को लेकर जवाबदेही का मुद्दा सामने आया है।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story