गंगापुर सिटी: उस्मान कॉलोनी में राशन की दुकान खोलने को लेकर ज्ञापन
वार्ड 56 की महिलाओं और बुजुर्गों को दूर राशन लेने जाना पड़ता है, पार्षद ने उपजिला कलेक्टर से दुकान शुरू कराने की मांग की।

तस्वीर में पार्षद मुहम्मद इस्माइल कार्यालय में अधिकारी को मांग पत्र सौंपते हुए दिख रहे हैं।
गंगापुर सिटी, 7 अक्टूबर। नगर परिषद गंगापुर सिटी के वार्ड नं. 56 की उस्मान कॉलोनी में उचित मूल्य की राशन दुकान खोलने की मांग को लेकर पार्षद मुहम्मद इस्माइल ने एक बार फिर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया है। पार्षद ने उपजिला कलेक्टर, गंगापुर सिटी को पुनः ज्ञापन सौंपकर कॉलोनी में उचित मूल्य की राशन दुकान संचालित करवाने की मांग की।
ज्ञापन में पार्षद ने बताया कि उस्मान कॉलोनी में बड़ी संख्या में राशन कार्डधारी परिवार निवास करते हैं। कॉलोनी में उचित मूल्य की राशन दुकान नहीं होने के कारण लोगों को राशन सामग्री लेने के लिए दूर स्थित दुकानों पर जाना पड़ता है। इससे क्षेत्र की महिलाओं, बुजुर्गों, दिव्यांगजनों तथा आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद मुहम्मद इस्माइल ने बताया कि इस समस्या के समाधान को लेकर 20 जुलाई 2026 को भी प्रशासन को लिखित ज्ञापन सौंपा गया था, लेकिन अभी तक इस दिशा में स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। इसी को लेकर 7 अक्टूबर को पुनः प्रशासन का ध्यान आकर्षित करते हुए ज्ञापन दिया गया।
उन्होंने कहा कि वार्ड नं. 56 की आबादी एवं राशन कार्डधारी परिवारों की संख्या को देखते हुए उस्मान कॉलोनी में उचित मूल्य की राशन दुकान होना बेहद आवश्यक है। कॉलोनी में राशन दुकान संचालित होने से सैकड़ों परिवारों को अपने ही क्षेत्र में राशन उपलब्ध हो सकेगा और उन्हें अनावश्यक दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी।
पार्षद ने प्रशासन से मांग की कि जनहित एवं क्षेत्रवासियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर उस्मान कॉलोनी, वार्ड नं. 56 में शीघ्र उचित मूल्य की राशन दुकान संचालित करवाने की कार्रवाई की जाए।
मुहम्मद इस्माइल ने कहा कि वार्डवासियों की मूलभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं के समाधान के लिए वे लगातार प्रशासन के समक्ष आवाज उठाते रहेंगे और समस्या का समाधान होने तक प्रयास जारी रखेंगे।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
