गंगापुर सिटी में सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-10 का आगाज
सामाजिक सद्भाव और भाईचारा बढ़ाने के उद्देश्य से 8 टीमों के बीच हो रहे इस आयोजन में बैंकर्स इलेवन और मेडिको स्पोर्ट्स ने शुरुआती मैच जीते।

गंगापुर सिटी में नई दिशा सोसायटी द्वारा सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-10 का उद्घाटन करते अतिथि।
गंगापुर सिटी में सामाजिक सद्भाव और आपसी भाईचारे को मजबूत करने के उद्देश्य से आयोजित सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता सीजन-10 का रविवार सुबह 8 बजे राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय के खेल मैदान पर उत्साह के साथ शुभारंभ हुआ। नई दिशा सोसायटी के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन अतिथियों ने फीता काटकर और बल्ले से गेंद खेलकर किया। प्रतियोगिता के पहले ही मुकाबले में बैंकर्स इलेवन ने भारत विकास परिषद को 77 रनों से हराकर विजयी शुरुआत की।
उद्घाटन समारोह में राजकीय सामान्य चिकित्सालय के पीएमओ डॉ. विजेंद्र गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वर्धमान हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. मनोज जैन और सार्वजनिक निर्माण विभाग के एक्सईएन बदन सिंह गुर्जर विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। अतिथियों ने प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।
मुख्य अतिथि डॉ. विजेंद्र गुप्ता और विशिष्ट अतिथि डॉ. मनोज जैन ने नई दिशा सोसायटी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि लगातार 10 वर्षों से सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन करना सराहनीय उपलब्धि है। इस आयोजन के माध्यम से शहर के विभिन्न सामाजिक, व्यापारिक और अन्य संगठनों के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को एक मंच पर मिलने, आपसी मेलजोल बढ़ाने और भाईचारे को मजबूत करने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। इनसे शारीरिक स्वास्थ्य बेहतर होने के साथ मानसिक विकास, अनुशासन और टीम भावना को भी बढ़ावा मिलता है।
नई दिशा सोसायटी के चेयरमैन एवं पूर्व सभापति शिवरतन अग्रवाल ने कहा कि सोसायटी पिछले कई वर्षों से सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रही है। रक्तदान शिविर, पौधारोपण और फिटनेस चैलेंज सहित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से समाज को सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जा रहा है। सद्भावना क्रिकेट प्रतियोगिता भी इसी उद्देश्य की महत्वपूर्ण कड़ी है।
प्रतियोगिता का उद्घाटन मुकाबला बैंकर्स इलेवन और भारत विकास परिषद के बीच खेला गया। इसमें बैंकर्स इलेवन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत विकास परिषद को 77 रनों से पराजित किया और जीत के साथ प्रतियोगिता में अपना खाता खोला।
दिन का दूसरा मुकाबला मेडिको स्पोर्ट्स और नगर परिषद की टीमों के बीच हुआ। रोमांचक मैच में मेडिको स्पोर्ट्स ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए नगर परिषद की टीम को 11 रनों से शिकस्त दी। इस मुकाबले में टॉस की प्रक्रिया डॉ. पुष्पेंद्र जी ने संपन्न करवाई।
दिन का तीसरा मुकाबला रॉयल एडवोकेट और प्रशासन एकादश के बीच खेला गया। इस मैच में टॉस की प्रक्रिया सुरेश जी गुप्ता ने संपन्न करवाई। टॉस जीतकर रॉयल एडवोकेट की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। इस मुकाबले को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।
नई दिशा सोसायटी के सचिन आनंद पैंगोरिया ने बताया कि प्रतियोगिता के दसवें सीजन में कुल 8 टीमें हिस्सा ले रही हैं। आयोजन के तहत प्रत्येक रविवार को तीन मुकाबले खेले जाएंगे। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला 3 जनवरी 2027 को आयोजित होगा।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य खेलों के माध्यम से विभिन्न संगठनों को एक मंच पर लाकर आपसी सद्भाव, सहयोग, सामाजिक समरसता और भाईचारे को बढ़ावा देना है। पिछले 10 वर्षों से जारी यह आयोजन शहर के विभिन्न संगठनों को आपसी मेलजोल और खेल भावना के साथ जोड़ने का माध्यम बना हुआ है।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
