गंगापुर सिटी। रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों और उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से ऑल इंडिया रेलवे मेंस पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन का गठन किया गया है। इस संबंध में रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन कार्यालय में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की नई कार्यकारिणी का विधिवत गठन करते हुए वरिष्ठ रेल कर्मचारी नेता नरेंद्र जैन (TRS) को सर्वसम्मति से अध्यक्ष चुना गया, जबकि घनश्याम शर्मा को सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई।

सेवानिवृत्त मुख्य कर्षण क्रू नियंत्रक लाल शर्मा की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन एवं वेस्ट सेंट्रल रेलवे एम्प्लाइज यूनियन से संबद्ध ऑल इंडिया रेलवे मेंस पेंशनर्स वेलफेयर ऑर्गेनाइजेशन की कार्यकारिणी का गठन किया गया।

नवनिर्वाचित कार्यकारिणी में नरेंद्र जैन (TRS) को अध्यक्ष, दलजीत सिंह राजावत (गार्ड) को कार्यकारी अध्यक्ष तथा लाल शर्मा (CTCC) को संरक्षक बनाया गया है। कौशल किशोर (LP), सुरेश चंद्र शर्मा (CTCC) और आर.एस. शेखावत (TI) को उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। घनश्याम शर्मा को सचिव, गंगा सहाय शर्मा को संगठन सचिव तथा नवल किशोर, रोडनी फ्रैंक लिन और अशोक कुमार को सहसचिव की जिम्मेदारी दी गई। वहीं, ओम प्रकाश को कार्यालय सचिव और मदन गोपाल मिश्रा को कोषाध्यक्ष बनाया गया है।

बैठक में नवनिर्वाचित अध्यक्ष नरेंद्र जैन, कार्यकारी अध्यक्ष दलजीत राजावत और सचिव घनश्याम शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि संगठन रेलवे के सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कल्याण और उनकी समस्याओं के निराकरण के लिए सक्रिय रूप से कार्य करेगा। पेंशन, महंगाई भत्ता, आठवें वेतन आयोग और चिकित्सा सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं के समाधान के साथ पारिवारिक पेंशन एवं विधवा पेंशन के मामलों में भी पेंशनर्स को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि रेलवे अस्पतालों और निजी पैनल में शामिल अस्पतालों में उपचार से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए भी संगठन सहयोग करेगा। इसके अलावा प्रशासनिक कार्यालयों, मंडल रेल प्रबंधक (DRM) कार्यालय, पेंशन कार्यालय और बैंकों के साथ समन्वय स्थापित कर सेवानिवृत्त कर्मचारियों के पेंशन संबंधी कार्यों तथा जीवन प्रमाण पत्र जमा कराने जैसी प्रक्रियाओं में मदद की जाएगी।

संगठन की ओर से सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों की ग्रेच्युटी, लीव इनकैशमेंट और विभिन्न प्रकार के भुगतानों में सामने आने वाली विसंगतियों के मामलों को भी संबंधित स्तर पर उठाकर उनके समाधान के लिए कार्रवाई की जाएगी।

पेंशनर्स के सामाजिक उत्थान और आपसी सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए संगठन पेंशनर्स मिलन समारोह, योग शिविर, भ्रमण शिविर तथा विभिन्न राष्ट्रीय एवं पर्यावरण संबंधी कार्यक्रमों का आयोजन भी करेगा। इसके साथ ही किसी पेंशनर की मृत्यु होने पर उसके परिवार को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने में भी संगठन सहयोग करेगा। संगठन की गतिविधियों और समस्याओं की समीक्षा के लिए प्रत्येक माह नियमित बैठक आयोजित की जाएगी।

बैठक में बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त रेल कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने संगठन के गठन का स्वागत करते हुए पेंशनर्स के हितों से जुड़े मुद्दों पर सामूहिक रूप से कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story