गंगापुर सिटी में रेल सुविधाओं के विस्तार और प्रमुख शहरों से बेहतर रेल संपर्क स्थापित करने की मांग को लेकर क्षेत्रीय विकास मंच ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात कर विभिन्न प्रस्ताव रखे। प्रतिनिधिमंडल ने गंगापुर सिटी से खातीपुरा तक नियमित रेल सेवा, श्रीगंगानगर से कोटा तक वाया गंगापुर सिटी रेल संचालन और प्रस्तावित पानीपत–कोटा ट्रेन को गंगापुर सिटी–दौसा रेलखंड से चलाने सहित कई मांगों को लेकर रेल मंत्री, भारत सरकार के नाम ज्ञापन सौंपा।

क्षेत्रीय विकास मंच, गंगापुर सिटी का प्रतिनिधिमंडल रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों श्री पुरुषोत्तम मीणा एवं श्री महेंद्र मीणा, सीनियर डीएसओ, कोटा रेल मंडल के गंगापुर सिटी आगमन पर उनसे मिला। इस दौरान क्षेत्र की रेलवे संबंधी समस्याओं और रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।

मुलाकात के दौरान क्षेत्रीय विकास मंच के संस्थापक संयोजक डॉ. हेमन्त शर्मा, अध्यक्ष प्रो. श्याम लाल मीणा, महामंत्री डॉ. सीताराम गुप्ता, कोषाध्यक्ष घनश्याम मेठी तथा संरक्षक ईश्वर लाल शर्मा, प्रहलाद लाल गुप्ता एवं ओम प्रकाश शर्मा उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने गंगापुर सिटी और आसपास के क्षेत्र में रेल सुविधाओं का विस्तार करने, नई रेल सेवाएं शुरू करने तथा जयपुर सहित प्रमुख शहरों के साथ बेहतर रेल संपर्क स्थापित करने की आवश्यकता पर अधिकारियों का ध्यान आकर्षित किया। मंच के सदस्यों ने बताया कि गंगापुर सिटी क्षेत्र के नागरिकों का जयपुर सहित विभिन्न शहरों में प्रतिदिन बड़ी संख्या में आवागमन होता है। ऐसे में यात्रियों की जरूरतों को पूरा करने के लिए नियमित रेल सेवाओं का विस्तार आवश्यक है।

इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने माननीय रेल मंत्री, भारत सरकार के नाम रेलवे अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा। इसमें गंगापुर सिटी से खातीपुरा तक नियमित रेल सेवा शुरू करने, श्रीगंगानगर से कोटा तक वाया गंगापुर सिटी रेल संचालन करने, गंगापुर सिटी–दौसा रेलखंड से उपयुक्त ट्रेनों का संचालन करने तथा प्रस्तावित पानीपत–कोटा ट्रेन को इसी मार्ग से चलाने सहित विभिन्न मांगें शामिल की गईं।

रेलवे के दोनों वरिष्ठ अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल की ओर से प्रस्तुत मांगों को सकारात्मक दृष्टिकोण से सुना और उचित कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। इससे रेल सुविधाओं के विस्तार को लेकर क्षेत्रीय विकास मंच की मांगें रेलवे प्रशासन के समक्ष पहुंचीं।

क्षेत्रीय विकास मंच के पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे प्रशासन क्षेत्र की जनभावनाओं और यात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सकारात्मक पहल करेगा। मंच का कहना है कि इन मांगों पर कार्रवाई होने से गंगापुर सिटी और आसपास के क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिलेगी।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story