गंगापुर सिटी। नगर परिषद गंगापुर सिटी में 15 साल बाद कांग्रेस की जीत के उपलक्ष्य में बुधवार को सदर थाने के सामने अलीगंज चौराहा स्थित हाजी फार्म हाउस पर ‘जश्ने फतेह’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला कांग्रेस कमेटी के जिला महामंत्री हाजी जमील खान के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों ने भाग लेकर जीत का जश्न मनाया।

कार्यक्रम में गंगापुर सिटी विधायक रामकेश मीणा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष एवं बामनवास विधायक इंदिरा मीणा, बामनवास नगर पालिका चेयरमैन रेखा मीणा, उनके पति रूपसिंह मीणा, वजीरपुर के कांग्रेस पार्षद, करौली जिले के सभापति एवं उपसभापति, गंगापुर सिटी सभापति कृष्ण कुमार गोयल, उपसभापति मुजाहिद गद्दी तथा लालपुर-उमरी सरपंच कालू गुर्जर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया था। हालांकि विधायक रामकेश मीणा एवं जिला अध्यक्ष इंदिरा मीणा पंचायतीराज चुनाव को लेकर जयपुर में आयोजित महत्वपूर्ण बैठक में शामिल होने के कारण कार्यक्रम में उपस्थित नहीं हो सके।

कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं कांग्रेस पदाधिकारियों का साफा, शॉल, माला तथा डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया गया। कांग्रेस संगठन जिला महामंत्री राजेश कुमार पहाड़िया ने कांग्रेस को विजयी बनाने के लिए कार्यकर्ताओं का आभार जताया।

इस दौरान सभापति कृष्ण कुमार गोयल एवं उपसभापति मुजाहिद गद्दी ने हाजी फार्म हाउस क्षेत्र की समस्याओं का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि हाजी फार्म हाउस में लगातार सामाजिक, धार्मिक एवं राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित होते हैं, लेकिन यहां तक पहुंचने वाला मार्ग बेहद खराब स्थिति में है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे हैं तथा बारिश के दौरान पानी भर जाता है। पेयजल और सड़क प्रकाश की भी समुचित व्यवस्था नहीं है। दोनों ने कहा कि नगर परिषद का बजट आते ही हाजी फार्म हाउस क्षेत्र से विकास कार्य शुरू करवाने को प्राथमिकता दी जाएगी।

रूपसिंह मीणा ने कहा कि गंगापुर सिटी के इतिहास में ऐसा आयोजन यादगार रहेगा। उन्होंने हाजी जमील खान की ओर से आयोजित कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि यह आयोजन कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता को दर्शाता है।

जिला कांग्रेस महामंत्री हाजी जमील खान ने कहा कि नगर परिषद में कांग्रेस की जीत के बाद अभी आधी लड़ाई बाकी है। आगामी पंचायतीराज चुनाव में भी कांग्रेस को मजबूत करते हुए भाजपा को हराने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि सवाई माधोपुर जिले को भाजपा मुक्त बनाने की दिशा में कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटेंगे और राजस्थान में कांग्रेस को मजबूत कर नई दिशा देने का काम किया जाएगा।

कार्यक्रम में सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर आयोजन की रौनक बढ़ाई। अंत में हाजी जमील खान ने सभी अतिथियों, जनप्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित लोगों का आभार व्यक्त किया। नगर परिषद में 15 साल बाद कांग्रेस की जीत के बाद आयोजित यह कार्यक्रम कार्यकर्ताओं की भागीदारी और संगठन की एकजुटता के प्रदर्शन का प्रमुख अवसर बना।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story