गंगापुर सिटी। गंगापुर सिटी से जयपुर के बीच नियमित रेल सेवा शुरू करने और कासगंज पैसेंजर ट्रेन का विस्तार गंगापुर सिटी तक करने की मांग उठाई गई है। क्षेत्रीय विकास मंच समिति गंगापुर सिटी ने क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और यात्रियों की समस्याओं को ध्यान में रखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारियों को मांग-पत्र भेजकर दोनों प्रस्तावों पर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया है।

समिति अध्यक्ष प्रो. श्यामलाल मीना ने बताया कि गंगापुर सिटी से दौसा के बीच विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है। ऐसे में गंगापुर सिटी से जयपुर के लिए सुबह 5 से 6 बजे के बीच और जयपुर से गंगापुर सिटी के लिए शाम 6 से 7 बजे के बीच नियमित ट्रेन सेवा शुरू की जानी चाहिए। इससे प्रतिदिन जयपुर आने-जाने वाले यात्रियों को रेल यात्रा का विकल्प मिल सकेगा।

उन्होंने बताया कि गंगापुर सिटी से प्रतिदिन लगभग 2500 से 3000 यात्री जयपुर की यात्रा करते हैं। वर्तमान में बसों की सुविधा उपलब्ध होने के बावजूद यात्री रेल यात्रा को अधिक सुविधाजनक मानते हैं। ऐसे में दोनों शहरों के बीच नियमित ट्रेन शुरू होने से यात्रियों को आवागमन में राहत मिलेगी। साथ ही, यात्रियों की संख्या को देखते हुए रेलवे को भी अतिरिक्त राजस्व प्राप्त होगा।

समिति ने दूसरी मांग के तहत गाड़ी संख्या 55335/55336 कासगंज पैसेंजर ट्रेन का फेरा भरतपुर से बढ़ाकर गंगापुर सिटी तक करने का प्रस्ताव रखा है। समिति के अनुसार, इस ट्रेन का संचालन गंगापुर सिटी तक होने से करौली, सवाई माधोपुर, दौसा एवं भरतपुर जिले के यात्रियों को लाभ मिलेगा। मांग-पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस ट्रेन को पूर्व में अस्थायी रूप से संचालित किया गया था। समिति ने यात्रियों की सुविधा को देखते हुए इसे नियमित रूप से चलाने का आग्रह किया है।

रेल सुविधाओं से जुड़ी इन दोनों मांगों को लेकर समिति के संस्थापक संयोजक डॉ. हेमन्त शर्मा, अध्यक्ष प्रो. श्यामलाल मीना, उपाध्यक्ष सूरज प्रसाद गर्ग, महामंत्री डॉ. सीताराम गुप्ता, कोषाध्यक्ष घनश्याम मेढ़ी एवं सभी सदस्यों ने रेलवे प्रशासन से मांगों पर विचार कर आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया है। इन प्रस्तावों के लागू होने से गंगापुर सिटी और आसपास के चार जिलों के यात्रियों को रेल आवागमन की सुविधा मिल सकेगी।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story