गंगापुर सिटी में मां दुर्गा की महाआरती में शामिल हुए सभापति कृष्ण कुमार गोयल, डांडिया महारास में झूमीं सैकड़ों महिलाएं
गंगापुर सिटी के सीताराम मंदिर में नवरात्र महोत्सव के दौरान सभापति कृष्ण कुमार गोयल और उनकी पत्नी भावना गोयल ने मां दुर्गा की महाआरती में भाग लिया। भरत-हनुमान की सजीव झांकी और डांडिया महारास के बाद रविवार को सामूहिक पूजन और छप्पन भोग होगा।

गंगापुर सिटी के पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम मंदिर में नवरात्र महोत्सव के दौरान पूजा-अर्चना और महाआरती में शामिल नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल, उनकी पत्नी भावना गोयल और अन्य श्रद्धालु।
गंगापुर सिटी में नवरात्र महोत्सव के दौरान पुरानी अनाज मंडी स्थित सीताराम मंदिर परिसर में शनिवार शाम मां दुर्गा की महाआरती आयोजित की गई। नवदुर्गा सेवा समिति के तत्वावधान में हुए इस आयोजन में नगर परिषद सभापति कृष्ण कुमार गोयल एवं उनकी पत्नी श्रीमती भावना गोयल सहित सैकड़ों महिला-पुरुषों और बच्चों ने भाग लेकर मां भगवती के दर्शन किए। इस दौरान रामायण के भरत-हनुमान प्रसंग की सजीव झांकी और माता के भजनों पर हुए डांडिया महारास ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया।
महाआरती में सर्व ब्राह्मण महासभा के जिला अध्यक्ष शिवचरण अन्ना, मंडल अध्यक्ष गोपाल शर्मा, गिर्राज गुप्ता, गोपाल बैराड़ा, बाबूलाल, हरिप्रसाद मच्छीपुरा, महेश शर्मा, कमलेश जोशी एवं विष्णु अध्यापक सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नवरात्र महोत्सव में प्रस्तुत सजीव धार्मिक झांकी में रामायण के भरत-हनुमान प्रसंग का चित्रण किया गया। राम-रावण युद्ध के दौरान लक्ष्मण के मूर्छित होने पर हनुमानजी संजीवनी बूटी लेने हिमालय पर्वत गए थे। वापस लौटते समय अयोध्या में भरत द्वारा बाण के माध्यम से हनुमानजी को लंका पहुंचाने के प्रसंग को कलाकारों ने सजीव रूप में प्रस्तुत किया। इस झांकी को देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो गए।
इसी दौरान मंदिर परिसर में मां दुर्गा के दरबार के सामने महिलाओं ने अलग-अलग समूह बनाकर माता के भजनों पर गरबा और डांडिया किया। सैकड़ों महिलाओं ने उत्साह के साथ डांडिया महारास में भाग लिया, जिससे परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा। कार्यक्रम में भगवान सहाय एवं सत्येंद्र शर्मा ने माता रानी को भोग लगाकर श्रद्धालुओं को प्रसादी वितरित की।
नवरात्र महोत्सव के आयोजन की व्यवस्थाओं में लवली मिश्र, प्रहलाद शर्मा, वेद प्रकाश मंगल, राजमोहन गोयल, प्रेमचंद तलवाड़ा, महेंद्र गर्ग, महेश पाल सिंह जादौन, अशोक मास्टर, अजय खुटला, विष्णु शर्मा, अजय पाराशर एवं श्याम सुंदर शर्मा ने सहयोग किया।
महोत्सव के तहत रविवार को सामूहिक नवरात्र पूजन और छप्पन भोग का आयोजन होगा। सुबह 8 बजे पंडित दीपक कृष्ण शास्त्री श्रद्धालु दंपतियों को विधि-विधान से नवरात्र पूजन करवाएंगे। इस दौरान भगवान गणेश, मां महागौरी, महालक्ष्मी, सरस्वती, नवदुर्गा सहित सभी देवी-देवताओं का आह्वान कर सामूहिक संकल्प कराया जाएगा।
आयोजन मंडल से जुड़े अनुज शर्मा ने बताया कि रविवार शाम मां भगवती की महाआरती के बाद छप्पन भोग अर्पित किया जाएगा। छप्पन भोग के दर्शन सोमवार को भी श्रद्धालुओं के लिए खुले रहेंगे। नवरात्र महोत्सव के अंतर्गत धार्मिक झांकियों, सामूहिक पूजन, महाआरती और डांडिया महारास के माध्यम से सीताराम मंदिर परिसर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

