आहार एवं पोषण विशेषज्ञ डॉ. खुशबू गुप्ता ने कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और सही जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ‘कैंसर इनसाइट्स’ नामक दो पुस्तकों का प्रकाशन किया है। विश्व ब्रेस्ट कैंसर जनजागृति माह के अवसर पर प्रकाशित इन पुस्तकों का लोकार्पण मेदांता हॉस्पिटल, गुरुग्राम के कैंसर रोग विभाग की चेयरपर्सन और वरिष्ठ अंतरराष्ट्रीय रेडिएशन ऑन्कोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. तेजिंदर कटारिया ने किया। उन्होंने इस पहल को उपयोगी बताते हुए डॉ. खुशबू गुप्ता के प्रयासों की सराहना की।

गुरुग्राम में मंगलवार, 13 अक्टूबर 2026 को सामने आई इस पहल का उद्देश्य कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति आमजन में जागरूकता और आत्मविश्वास बढ़ाना तथा चिकित्सकों एवं विशेषज्ञों को उपयोगी जानकारी उपलब्ध कराना है। हेमाक्षी पब्लिकेशन, सीकर द्वारा प्रकाशित ‘कैंसर इनसाइट्स’ श्रृंखला की दोनों पुस्तकों में कैंसर के विभिन्न पहलुओं, आहार एवं पोषण और जागरूकता से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को सरल एवं उपयोगी रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। इनका उद्देश्य कैंसर को लेकर समाज में व्याप्त भय और भ्रांतियों को दूर करना तथा सही जानकारी जन-जन तक पहुंचाना है।

आहार एवं पोषण विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर चुकीं डॉ. खुशबू गुप्ता को पूर्व में भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति महामहिम श्री प्रणब मुखर्जी द्वारा स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जा चुका है।

इस पहल के तहत ‘कैंसर इनसाइट्स’ भाग-1 का लोकार्पण मेदांता हॉस्पिटल, गुरुग्राम के कैंसर रोग विभाग की चेयरपर्सन डॉ. तेजिंदर कटारिया ने किया। पुस्तक देखने के बाद उन्होंने डॉ. खुशबू गुप्ता के प्रयास की सराहना करते हुए इसे अत्यंत मेहनत से तैयार किया गया उपयोगी कार्य बताया और उन्हें आशीर्वाद एवं शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर डॉ. तेजिंदर कटारिया को डॉ. लोकमणि गुप्ता द्वारा टीकाकृत तथा जीवन आशीष समिति, कोटा द्वारा प्रकाशित ‘श्री कृष्ण भगवान के दिव्य संदेश’ नामक पुस्तकों की प्रतियां भी भेंट की गईं। उन्होंने इन पुस्तकों को व्यक्ति की सोच सकारात्मक बनाए रखने के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।

डॉ. तेजिंदर कटारिया ने ‘कैंसर इनसाइट्स’ पुस्तक सहर्ष स्वीकार की और अपने विभाग के अन्य चिकित्सक साथियों को भी दिखाई। उन्होंने पुस्तक की उपयोगिता और विषय की गंभीरता को देखते हुए ऐसे प्रयासों को समाज के लिए महत्वपूर्ण बताया।

ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन के आजीवन सदस्य और कोटा निवासी समाजसेवी एवं वरिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. लोकमणि गुप्ता ने बताया कि कैंसर के बढ़ते मामलों के बीच सही आहार, पोषण, जागरूकता और वैज्ञानिक जानकारी की भूमिका लगातार महत्वपूर्ण होती जा रही है। ऐसे में ‘कैंसर इनसाइट्स’ जैसी पुस्तकों का प्रकाशन कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाने और लोगों तक सही जानकारी पहुंचाने की दिशा में एक सार्थक पहल है। डॉ. लोकमणि गुप्ता ने यह भी बताया कि दोनों पुस्तकें pothi.com पर उपलब्ध हैं।

इस प्रकार ‘कैंसर इनसाइट्स’ के माध्यम से कैंसर से संबंधित जानकारी को सरल रूप में आमजन तक पहुंचाने और चिकित्सा विशेषज्ञों के लिए उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

Madan Mohan Garg(Gangapur City)

नाम: मदन मोहन गर्ग

वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)

कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला

बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र

परिचय 

मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।

पत्रकारिता का अनुभव

मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।

शैक्षणिक योग्यता (Education)

वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:

  • बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
  • एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)

Next Story