गंगापुर सिटी में नई ट्रेनों और माल गोदाम की मांग तेज, व्यापार मंडल ने डीआरएम को भेजा ज्ञापन
गंगापुर सिटी व्यापार मंडल ने डीआरएम कोटा को ज्ञापन भेजकर नई ट्रेन सेवा, रेलवे रैक, रैक लोडिंग और विद्युत शेड निर्माण सहित कई अहम रेल सुविधाओं की मांग उठाई।

गंगापुर सिटी में रेल सुविधाओं के विस्तार और नई ट्रेन सेवाओं की मांग को लेकर व्यापार मंडल (रजि.), नई अनाज मंडी ने मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम), कोटा को ज्ञापन भेजकर विभिन्न मांगों पर शीघ्र कार्रवाई करने का आग्रह किया है। यह ज्ञापन 12 जुलाई को भेजा गया, जिसमें क्षेत्र के यात्रियों और व्यापारिक गतिविधियों को ध्यान में रखते हुए आवश्यक रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई गई है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष गोविन्द प्रसाद गुप्ता के हस्ताक्षरित ज्ञापन में कहा गया है कि गंगापुर सिटी दिल्ली–मुंबई मुख्य रेल मार्ग पर स्थित एक महत्वपूर्ण रेलवे स्टेशन है। यह स्टेशन लंबे समय से क्षेत्र के यात्रियों तथा व्यापारिक गतिविधियों के लिए अहम भूमिका निभाता रहा है। शहर की बढ़ती जनसंख्या और लगातार बढ़ रही यात्री संख्या को देखते हुए रेलवे से आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।
ज्ञापन में प्रमुख मांगों के तहत गंगापुर सिटी में रेलवे रैक (माल गोदाम) की सुविधा उपलब्ध कराने, प्लेटफॉर्म संख्या 4-5 पर रैक लोडिंग की व्यवस्था स्थापित करने, प्रातः 5 से 6 बजे के बीच गंगापुर से जयपुर तथा सायं 6 से 7 बजे के बीच जयपुर से गंगापुर के लिए नई ट्रेन सेवा प्रारंभ करने की मांग की गई है। इसके साथ ही पूर्व में संचालित कोटा–मथुरा (काश गंज) रेल सेवा को पुनः शुरू करने तथा 444 एकड़ जमीन पर विद्युत शेड निर्माण की मांग पूरी किए जाने का भी आग्रह किया गया है।
व्यापार मंडल ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से व्यापार, उद्योग और आम यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। साथ ही क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी। मंडल ने रेलवे प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए सभी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा व्यक्त की है।

Madan Mohan Garg(Gangapur City)
नाम: मदन मोहन गर्ग
वर्तमान पद: ब्यूरो चीफ (दैनिक प्रातःकाल, गंगापुर सिटी)
कार्यक्षेत्र: गंगापुर सिटी विधानसभा क्षेत्र सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला
बीट: प्रशासनिक समाचार, सामाजिक कार्यक्रम, जनसमस्याएं एवं सभी क्षेत्र
परिचय
मदन मोहन गर्ग राजस्थान के गंगापुर सिटी क्षेत्र के वरिष्ठ पत्रकार हैं। वर्तमान में वह 'दैनिक प्रातःकाल' में गंगापुर सिटी के ब्यूरो चीफ के रूप में कार्यरत हैं। उनका मुख्य कार्यक्षेत्र गंगापुर सिटी विधानसभा सहित सवाई माधोपुर और करौली जिला है। वह स्थानीय जनसमस्याओं, प्रशासनिक गतिविधियों, सरकारी योजनाओं और सामाजिक कार्यक्रमों सहित सभी क्षेत्रों की खबरों को नियमित रूप से कवर करते हैं।
पत्रकारिता का अनुभव
मदन मोहन गर्ग को क्षेत्रीय पत्रकारिता का लंबा अनुभव है। वह साल 2015 से लगातार 'दैनिक प्रातःकाल' समाचार पत्र से जुड़े हुए हैं और क्षेत्र में समाचार संकलन व ब्यूरो संचालन का कार्य संभाल रहे हैं।
शैक्षणिक योग्यता (Education)
वह उच्च शिक्षित हैं और उनकी शैक्षणिक योग्यता इस प्रकार है:
- बी.ए. (B.A.) और बी.एड. (B.Ed.)
- एम.ए. (M.A.) और एम.एड. (M.Ed. - मास्टर ऑफ एजुकेशन)
