गुवाहाटी। असम के महान गायक और भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका की जन्म शताब्दी समारोह का शुभारंभ सोमवार को गुवाहाटी में किया गया। इस अवसर पर असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने हजारिका को श्रद्धांजलि अर्पित की। दोनों नेताओं ने गुवाहाटी विश्वविद्यालय के निकट स्थित डॉ. भूपेन हजारिका सम्मान तीर्थ पर पुष्पांजलि अर्पित की, जहां वर्ष 2011 में उनका अंतिम संस्कार हुआ था।


कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पूरे देश की ओर से हजारिका को श्रद्धांजलि देने में नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ने भूपेन हजारिका की 99वीं जयंती पर देश के प्रमुख समाचार पत्रों में एक भावनात्मक और सारगर्भित लेख लिखा है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के इस प्रयास के प्रति आभार जताते हुए कहा कि हजारिका केवल एक गायक नहीं, बल्कि लोगों की धड़कन थे।


प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लेख में लिखा कि हजारिका के गीतों में हमेशा करुणा, सामाजिक न्याय, एकता और गहरी आत्मीयता की झलक रही है। उनके गीतों को सुनकर कई पीढ़ियां बड़ी हुई हैं और वह आज भी लोगों की भावनाओं में जीवित हैं।


मुख्यमंत्री ने बताया कि असम सरकार पूरे राज्यवासियों के साथ मिलकर जन्म शताब्दी समारोह को मनाने जा रही है। इसके तहत 13 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी गुवाहाटी में एक विशेष श्रद्धांजलि सभा में शामिल होंगे। इस दिन प्रधानमंत्री भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा भूपेन हजारिका की स्मृति में जारी किए जा रहे 100 रुपए के विशेष सिक्के का विमोचन भी करेंगे।


राज्य सरकार ने घोषणा की है कि असम के अलावा अरुणाचल प्रदेश, मेघालय, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और दिल्ली में भी भूपेन हजारिका की स्मृति में विशेष सभाओं का आयोजन होगा।


इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि साहित्य अकादमी पुरस्कार विजेता लेखिका अनुराधा शर्मा पुजारी ने भूपेन हजारिका की जीवनी लिखी है। इस जीवनी का अनुवाद सभी प्रमुख भारतीय भाषाओं में किया जाएगा ताकि देश के प्रत्येक पुस्तकालय तक इसे पहुंचाया जा सके।


भूपेन हजारिका को संगीत और सिनेमा के क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व योगदान के लिए भारत रत्न और दादा साहब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।


कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, जन्म शताब्दी समारोह वर्षभर विभिन्न आयोजनों के साथ मनाया जाएगा और इसका समापन 8 सितंबर 2026 को नई दिल्ली में होगा। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू समारोह में शामिल होंगी।

Ruturaj Ravan

Ruturaj Ravan

यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।

Next Story