उदयपुर: कानपुर के लक्ष्मी नारायण मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन
गिरवा तहसील के कानपुर ग्राम में संत कृष्णानंद महाराज द्वारा सात दिवसीय कथा का वाचन किया जाएगा, जिसकी शुरुआत भव्य पोथी यात्रा से होगी।

उदयपुर की गिरवा तहसील के कानपुर गांव स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में आयोजित होने वाली श्रीमद्भागवत कथा के लिए तैयार किया गया भव्य पांडाल और कथावाचक संत कृष्णानंद महाराज।
शहर के गिरवा तहसील के कानपुर ग्राम स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में 7 मई, गुरुवार से संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का सप्तदिवसीय महोत्सव भव्य रूप में आयोजित किया जाएगा। यह आयोजन 7 मई से 13 मई तक प्रतिदिन सांय 7 बजे से रात्रि 10 बजे तक संचालित होगा, जिसमें श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक वातावरण तैयार किया जा रहा है।
कथा का वाचन श्री वृंदावन धाम आश्रम, तीतरडी पीठाधीश्वर सुप्रसिद्ध भागवताचार्य संत श्री कृष्णानंद जी महाराज द्वारा उनकी औजस्वी एवं अलंकृत शैली में किया जाएगा। आयोजन का शुभारंभ गुरुवार, 7 मई को भव्य पौथी यात्रा के साथ होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की सहभागिता अपेक्षित है। वहीं 14 मई को हवन के साथ कथा की पूर्णाहुति की जाएगी।
यह संपूर्ण आयोजन कानपुर गांव के समस्त ग्रामवासियों द्वारा सामूहिक रूप से आध्यात्मिक, आधिदैविक एवं आधिभौतिक उन्नति के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। आयोजन के व्यवस्थापकों द्वारा क्षेत्र के प्रत्येक घर तक पहुंचकर निमंत्रण पत्र वितरित किए जा रहे हैं और अधिक से अधिक लोगों को कथा में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया जा रहा है।
कथा आयोजन के लिए एक सुंदर एवं विशाल पांडाल तैयार किया जा रहा है, जिसकी तैयारियां जोर-शोर से जारी हैं। समूचे क्षेत्र में इस धार्मिक आयोजन को लेकर उत्साह और आस्था का वातावरण बना हुआ है। यह महोत्सव न केवल धार्मिक चेतना को सुदृढ़ करेगा, बल्कि सामाजिक एकता और सामूहिक सहभागिता का भी सशक्त उदाहरण प्रस्तुत करेगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
