पुरे विश्व में लोकआस्था का प्रतीक, महापर्व छठ को बड़े धूम-धाम से मनाया जा रहा है। चार दिन तक होने वाले इस महापर्व की शुरुवात 25 अक्टूबर 2025 से हो चुकी है। और आज 27 अक्टूबर को इसका तीसरा दिन, यानि के संध्या अर्घ है। बिहार, झारखण्ड, उत्तर प्रदेश और बंगाल के क्षेत्रों में इस महापर्व को मुख्य रूप से मनाया जाता है। मान्यता है की इस पर्व में सूर्य देव और उनकी बहन षष्ठी जिन्हें छठी मैया भी कहते हैं, उनकी पूजा की जाती है। छठी मैया भगवती का एक रूप हैं, जिन्हें बच्चों की देवी और रक्षक माना जाता है।


लेकिन इस महापर्व की ख़ुशी ने कुछ लोगों के मातम का रूप ले लिया। भागलपुर जिले से छठ पर्व की तैयारियों के दौरान एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। नवगछिया अनुमंडल के इस्माइलपुर थाना क्षेत्र के नवटोलिया गांव में गंगा नदी में डूबने से चार बच्चों की मौत हो गई। यह हादसा सोमवार दोपहर उस समय हुआ जब गांव के कुछ बच्चे छठ घाट तैयार करने पहुंचे थे।


स्थानीय लोगों के अनुसार बच्चे घाट की सफाई और सजावट कर रहे थे। काम खत्म होने के बाद चारों बच्चे नदी में नहाने लगे। इस दौरान एक बच्चा गलती से गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए बाकी तीन बच्चे भी पानी में गए, लेकिन तेज धार में बह जाने की वजह से सभी डूब गए। घटना इतनी जल्दी हुई कि कोई समझ ही नहीं पाया।


गोताखोरों की मदद से काफी देर की मशक्कत के बाद चारों बच्चों को बाहर निकाला गया। उन्हें तुरंत इस्माइलपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया। मृत बच्चों की पहचान नवटोलिया गांव निवासी मिथिलेश कुमार के पुत्र प्रिंस कुमार (11 वर्ष) और किशोरी मंडल के पुत्र नंदन कुमार (10 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं दो अन्य मृतक बच्चे पास के छठठु टोला के रहने वाले बताए जा रहे हैं। चारों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।


घटना की जानकारी मिलते ही इस्माइलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरी घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने परिजनों से पूछताछ की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। वहीं, गोपालपुर से निर्दलीय प्रत्याशी गोपाल मंडल भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोकग्रस्त परिवारों से मिलकर संवेदना जताई और प्रशासन से परिवारों को आर्थिक सहायता देने की मांग की।


Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story