राजसमंद में 'दो घड़ी भाव दीक्षा' कार्यक्रम संपन्न, 18 मुमुक्षुओं ने लिया संयम का संकल्प
नजरवाड़ी ओसवाल भवन में साध्वी महिमा जी के सानिध्य में आयोजित समारोह के दौरान दीक्षा विधि व नामकरण संस्कार के बाद सभी मुमुक्षुओं को नए नाम प्रदान किए गए।

श्वेत वस्त्र और मुहपत्ती धारण किए नवदीक्षित जैन मुनि और साध्वी राजसमंद के एक धार्मिक समारोह में मंच पर बैठे हैं।
राजसमंद में श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ महावीर भवन के तत्वावधान में सोमवार, 23 नवंबर 2026 को दो घड़ी भाव दीक्षा संयम का एहसास कार्यक्रम धार्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। नजरवाड़ी ओसवाल भवन में साध्वी श्री महिमा जी, साध्वी श्री तेजस जी, साध्वी श्री हंसश्री जी और साध्वी श्री सुवासिनी जी म. सा. के पावन सानिध्य में आयोजित इस कार्यक्रम में 18 मुमुक्षुओं ने भाव दीक्षा ग्रहण कर संयम और त्याग के मार्ग पर चलने का संकल्प व्यक्त किया।
श्री संघ के प्रचार-प्रसार मंत्री भैरूलाल हिंगड़ के अनुसार, प्रातः 9 बजे महावीर भवन से 18 मुमुक्षु सुसज्जित होकर वीरथाल छाब के साथ कार्यक्रम स्थल नजरवाड़ी पहुंचे। यहां श्री संघ की ओर से कार्यक्रम के लाभार्थी गणपतलाल सिसोदिया परिवार ने उनका बहुमान किया।
इस अवसर पर साध्वी महिमा जी ने दो घड़ी संयम के आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि जैन धर्म में दो घड़ी का संयम अत्यंत सुंदर और भावपूर्ण धार्मिक परंपरा है। इसका अर्थ है कि व्यक्ति कुछ समय के लिए सांसारिक गतिविधियों से विरक्त होकर आत्मकल्याण, तप, त्याग और साधना के मार्ग पर आगे बढ़ने का संकल्प लेता है। इस अवधि में व्यक्ति अपनी शक्ति और सामर्थ्य के अनुसार मन, वचन और काया पर संयम रखता है तथा हिंसा, झूठ, चोरी जैसी पाप प्रवृत्तियों से बचने का संकल्प लेता है। इसके साथ ही क्रोध, मान, माया और लोभ पर नियंत्रण का प्रयास करते हुए सामायिक, नवकार मंत्र जाप, स्वाध्याय और ध्यान के माध्यम से आत्मचिंतन एवं आत्मशुद्धि की साधना करता है।
उन्होंने कहा कि दो घड़ी का संयम केवल 48 मिनट का नियम नहीं, बल्कि जीवन को संयम की दिशा में मोड़ने का एक छोटा-सा प्रयास है। यदि जीवनभर संयम नहीं निभा सकते तो कम से कम दो घड़ी आत्मा के लिए जीकर देखना चाहिए।
दीक्षार्थी मुमुक्षुओं ने भी अपने मन के भाव व्यक्त करते हुए कहा कि इस नश्वर जीवन में दीक्षा ही एकमात्र उपाय है, जिससे भव-भव के भटकाव से मुक्ति प्राप्त की जा सकती है। इसके बाद संपूर्ण जैन दीक्षा विधि प्रारंभ हुई। सर्वप्रथम निमंत्रण पत्र लिखकर उस पर श्री संघ के पदाधिकारियों ने केसर-कुमकुम छांटा और पत्रिका साध्वी श्री जी को बहराई गई। इसके बाद 18 दीक्षार्थियों के धर्म के माता-पिता पिस्ता राजेंद्र कुमार जी पगारिया ने दीक्षा की आज्ञा प्रदान की।
तत्पश्चात दीक्षार्थियों के नए धवल वस्त्रों पर स्वस्तिक मंडन कर उनका वेश परिवर्तन करवाया गया। वेश परिवर्तन के बाद साधु-साध्वी के भेष में सभी मुमुक्षुओं की महाभिनिष्क्रमण यात्रा ढोल-धमाकों के साथ महावीर भवन से कार्यक्रम स्थल तक निकाली गई। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। उपस्थित लोगों ने यात्रा का जोरदार स्वागत किया और मुमुक्षुओं को अपनी हथेलियों पर उठाया।
इसके बाद साध्वी महिमा जी म. सा. ने सभी दीक्षार्थियों को दीक्षा पाठ सुनाया। दीक्षा विधि पूर्ण होने के बाद नामकरण संस्कार हुआ, जिसमें सभी 18 नवदीक्षित साधु-साध्वियों को नए नाम प्रदान किए गए।
मुनि वर्ग में पवित्र सोनी को प्रिय रत्न मुनि, पुरण जी पीपाड़ा को पुण्यरत्न मुनि, ज्ञानचंद को ज्ञानरत्न मुनि, अनिल सियाल को अमृतरत्न मुनि, मनोज कावड़िया को मनोज्ञ रत्न मुनि, संजय बोल्या को सिद्धरत्न मुनि, नरेश बोल्या को निर्मलरत्न मुनि और मुकेश पामेचा को मोक्षरत्न मुनि जी नाम प्रदान किया गया।
इसी प्रकार साध्वी वर्ग में कुसुम पामेचा को साध्वी पुष्पकीर्ति, कांता पगरिया को शीलकीर्ति, मधु सिसोदिया को अमृतकीर्ति, संगीता कावड़िया को प्रशमकीर्ति, ममता पामेचा को करुणाकीर्ति, अनिता मेहता को निर्मलकीर्ति, मोहिनी श्री श्रीमाल को वैराग्यकीर्ति, प्रिया पीपाड़ा को स्नेहकीर्ति, रिंकू डांगी को रश्मिकीर्ति और मिनल तलेसरा को रत्नकीर्ति जी म. सा. नाम प्रदान किया गया।
दीक्षा के बाद नवदीक्षित मुनि एवं साध्वी जी ने मांगलिक प्रदान की। इसके पश्चात हिम्मतलाल, दिनेशकुमार और प्रवीण बाबेल परिवार की ओर से सामूहिक गौतम प्रसादी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन सुधीर पगारिया ने किया।
इस धार्मिक आयोजन में 18 मुमुक्षुओं ने दो घड़ी संयम का अनुभव करते हुए दीक्षा विधि के विभिन्न संस्कारों में भाग लिया। नामकरण संस्कार के साथ उन्हें नए नाम प्रदान किए गए और कार्यक्रम का समापन मांगलिक एवं सामूहिक गौतम प्रसादी के साथ हुआ।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
