25 नवंबर 2026, बुधवार का दिन धार्मिक और ज्योतिषीय दृष्टि से कई महत्वपूर्ण योग लेकर आया है। आज से मार्गशीर्ष (अगहन) महीने की शुरुआत हो रही है। पंचांग के अनुसार, कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि, शिव योग और अमृतकाल का संयोग रहेगा। हालांकि, दिन में राहुकाल, यमगंड और गुलिक काल भी प्रभावी रहेंगे। ऐसे में पूजा-पाठ, शुभ कार्यों, निवेश और यात्रा की योजना बनाने से पहले आज के पंचांग में तिथि, योग, शुभ मुहूर्त और अशुभ समय की जानकारी लेना जरूरी है।

हिंदू काल-गणना की महत्वपूर्ण पद्धति पंचांग सूर्य, चंद्रमा और अन्य ग्रहों की स्थिति के आधार पर तैयार किया जाता है। इसी के माध्यम से शुभ-अशुभ समय, तिथि, योग और ग्रहों की स्थिति का आकलन किया जाता है।

आज मार्गशीर्ष माह के कृष्ण पक्ष की प्रतिपदा तिथि 24 नवंबर की रात 8:23 बजे से शुरू होकर 25 नवंबर को शाम 4:50 बजे तक रहेगी। इसके बाद कृष्ण पक्ष की द्वितीया तिथि आरंभ होगी, जो 26 नवंबर को दोपहर 1:15 बजे तक रहेगी। बुधवार को सूर्योदय सुबह 6:55 बजे और सूर्यास्त शाम 5:20 बजे होगा। चंद्रोदय शाम 5:54 बजे तथा अगले दिन चंद्रास्त सुबह 8:45 बजे होगा।

बुधवार को सुबह 11:59 बजे तक शिव योग रहेगा। इसके बाद सिद्ध योग की शुरुआत होगी। ज्योतिष शास्त्र में 27 योगों में शिव योग को शुभ माना गया है। सूर्य और चंद्रमा की स्थिति के बीच विशेष अंतर बनने पर इस योग का निर्माण होता है। इसे धैर्य, मानसिक संतुलन, विवेक और आध्यात्मिक रुचि के लिए अनुकूल माना जाता है। शुभ कार्यों और मुहूर्त के लिहाज से भी यह योग महत्वपूर्ण है।

आज का अभिजीत मुहूर्त सुबह 11:56 बजे से दोपहर 12:39 बजे तक रहेगा। हालांकि, कई पंचांगों में बुधवार को अभिजीत मुहूर्त मान्य नहीं माना जाता है। ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार, इस अवधि में किए गए कार्यों से अशुभ प्रभावों और दोषों का नाश होता है। जब सूर्य आकाश में ठीक सिर के ऊपर होता है, तब अभिजीत मुहूर्त की अवधि मानी जाती है।

इसके अलावा बुधवार शाम 5:46 बजे से 7:10 बजे तक अमृतकाल रहेगा। ज्योतिष और पंचांग में अमृतकाल को अत्यंत शुभ और सकारात्मक ऊर्जा से युक्त समय माना गया है। मान्यता है कि इस दौरान किए गए कार्यों में सफलता की संभावना अधिक रहती है। नए व्यापार की शुरुआत, निवेश, पूजा-पाठ और महत्वपूर्ण यात्रा के लिए इस समय को अनुकूल माना जाता है।

बुधवार को राहुकाल दोपहर 12:07 बजे से 1:25 बजे तक रहेगा। ज्योतिष शास्त्र में राहुकाल को नए और शुभ कार्यों की शुरुआत के लिए अशुभ समय माना जाता है। इस दौरान कोई नया काम शुरू करने से बचने की सलाह दी जाती है, हालांकि पहले से जारी कार्यों को जारी रखा जा सकता है।

यमगंड काल सुबह 8:13 बजे से 9:31 बजे तक रहेगा। इसे मृत्यु के देवता यमराज से संबंधित समय माना जाता है। ज्योतिषीय मान्यताओं के अनुसार, इस अवधि में स्वास्थ्य, दीर्घायु और सामान्य दुर्भाग्य से जुड़ी बाधाएं सामने आ सकती हैं। इसलिए इस दौरान नए व्यापार या किसी नए काम की शुरुआत करने से बचना चाहिए। यात्रा पर निकलने और पैसों के लेन-देन से भी परहेज करने की सलाह दी जाती है।

वहीं, गुलिक काल सुबह 10:49 बजे से दोपहर 12:07 बजे तक रहेगा। इसे विषैला समय भी कहा जाता है। ज्योतिष में गुलिक को एक अशुभ उपग्रह माना गया है। मान्यता है कि इस अवधि में शुरू किए गए कार्य नकारात्मक परिणाम दे सकते हैं। हालांकि, पहले से चल रहे काम जारी रखे जा सकते हैं। बार-बार किए जाने वाले कार्यों के लिए भी इस समय को उपयोगी माना जाता है। बैंक में पैसे जमा करना, दान देना और निवेश करना इस अवधि में अच्छा माना गया है।

ग्रहों की स्थिति की बात करें तो बुधवार को सूर्य देव वृश्चिक राशि में रहेंगे। ज्योतिष शास्त्र में सूर्य को आत्मबल, यश, मान-सम्मान, नेतृत्व और सरकारी कार्यों का कारक माना जाता है। वृश्चिक राशि में सूर्य की स्थिति से लोगों की ऊर्जा, संकल्प शक्ति और कार्यक्षमता बढ़ने की मान्यता है। इस गोचर के दौरान कुछ लोगों को करियर, व्यापार और निवेश में लाभ मिल सकता है, जबकि कुछ लोगों को वाणी पर संयम रखने और आर्थिक लेन-देन में सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।

चंद्र देव बुधवार को वृषभ राशि में विराजमान रहेंगे। ज्योतिष के अनुसार, वृषभ राशि में चंद्रमा उच्च के होते हैं। इस स्थिति को मानसिक स्थिरता, धैर्य और भावनात्मक संतुलन के लिए अनुकूल माना जाता है। इससे व्यक्ति का व्यावहारिक दृष्टिकोण मजबूत होने के साथ सुख-सुविधाओं और सुरक्षा के प्रति आकर्षण बढ़ने की मान्यता है। आर्थिक सुरक्षा और संसाधन जुटाने की प्रवृत्ति भी मजबूत रहती है। करियर के लिहाज से कला, डिजाइन, प्रबंधन और स्थिरता से जुड़े क्षेत्रों को अनुकूल माना जाता है।

दिशाशूल के अनुसार, बुधवार को उत्तर दिशा में यात्रा करना अशुभ माना गया है। ज्योतिष और वास्तु शास्त्र में दिशाशूल उस दिशा को कहा जाता है, जिसमें किसी विशेष दिन यात्रा शुरू करना अनुकूल नहीं माना जाता। ऐसे में बुधवार को यात्रा की योजना बनाने वाले लोगों के लिए उत्तर दिशा का दिशाशूल ध्यान रखने योग्य रहेगा।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story