मध्य प्रदेश में कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर मंगलवार को सुप्रसिद्ध सोकलपुर नर्मदा घाट पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। ब्रह्म मुहूर्त से ही घाट पर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। क्षेत्र सहित आसपास के ग्रामीण अंचलों से हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने पुण्य सलिला मां नर्मदा के पवित्र जल में स्नान कर परिवार और क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

कार्तिक पूर्णिमा के धार्मिक महत्व को देखते हुए श्रद्धालुओं ने स्नान के बाद विधि-विधान से मां नर्मदा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान घाट पर दीपदान और दान-पुण्य का विशेष सिलसिला चला। श्रद्धालुओं ने मां नर्मदा को दीप अर्पित किए। पूरे घाट परिसर में 'हर-हर नर्मदे' के जयघोष गूंजते रहे। स्नान के बाद भक्तों ने घाट पर स्थित मंदिरों में पहुंचकर दर्शन किए और जरूरतमंदों व ब्राह्मणों को अन्न, वस्त्र तथा दक्षिणा का दान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कई श्रद्धालुओं ने घाट पर सत्यनारायण भगवान की कथा का श्रवण भी किया।

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते सोकलपुर नर्मदा घाट परिसर में मेले जैसा माहौल बना रहा। प्रसाद, पूजन सामग्री और खान-पान की दुकानों पर दिनभर लोगों की आवाजाही और रौनक बनी रही। धार्मिक आयोजन के दौरान घाट पर आस्था और उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी अप्रिय स्थिति से बचाव के लिए स्थानीय प्रशासन एवं पुलिस बल ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। घाट पर गोताखोरों की टीम और पुलिस जवान लगातार मुस्तैद रहे। प्रशासन और पुलिस की सतर्कता के बीच कार्तिक पूर्णिमा का स्नान पर्व शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।

Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story