नई दिल्ली में राजधानी के ऐतिहासिक गांधी स्मृति भवन में फिल्म ‘हनुमान अंश’ की पूरी टीम को विशेष सम्मान से नवाजा गया। फिल्म शिरडी साईं बाबा के निर्माता शिरडी साईं बाबा फाउंडेशन के संस्थापक एवं मैनेजिंग ट्रस्टी औषिम खेरतपाल ने ‘हनुमान अंश’ के कलाकारों, निर्माता और निर्देशक को ‘साइटेशन ऑफ ऑनर’ प्रदान कर सम्मानित किया।

शिरडी साईं बाबा फाउंडेशन और गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समारोह में सिनेमा के जरिए आध्यात्मिक चेतना, आस्था और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को सामने लाने के प्रयासों को सम्मान दिया गया। कार्यक्रम में गांधी स्मृति एवं दर्शन समिति के उपाध्यक्ष विजय गोयल, शिरडी लोकसभा क्षेत्र के सांसद भाऊसाहेब राजाराम वाकचौरे, औषिम खेरतपाल और साईं बाबा पीस अवॉर्ड्स की अंतरराष्ट्रीय रणनीतिकार संजना जॉन मौजूद रहे।

सम्मान समारोह में ‘हनुमान अंश’ के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी, मुख्य अभिनेता शोभिनव सत्य, बाल कलाकार विहान शेगड़े, जिन्होंने फिल्म में 14 वर्षीय बाबा की भूमिका निभाई है, तथा निर्माता नम्रता और रागिनी सोना समेत फिल्म की टीम ने हिस्सा लिया।

इस मौके पर औषिम खेरतपाल ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि करीब 26 वर्ष पहले उन्होंने शिरडी साईं बाबा के जीवन पर फिल्म बनाई थी। इसका उद्देश्य उनके संदेश और जनकल्याण की भावना को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना था। उन्होंने कहा कि ‘हनुमान अंश’ की टीम ने भी ऐसा विषय पर्दे पर उतारने का प्रयास किया है, जो लोगों को आध्यात्मिक और धार्मिक चेतना से जोड़ता है।

औषिम खेरतपाल के मुताबिक सिनेमा केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि आध्यात्मिक और सांस्कृतिक विरासत को समाज तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी हो सकता है।

वहीं विजय गोयल ने कहा कि हनुमान अंश जैसी फिल्में भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं और धार्मिक चेतना को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। गांधी स्मृति जैसे ऐतिहासिक स्थल पर फिल्म की पूरी टीम का सम्मान इस अवसर को और विशेष बनाता है।

समारोह में ‘हनुमान अंश’ की टीम के सामूहिक प्रयासों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में औषिम खेरतपाल ने पूरी टीम को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story