मुंबई। दक्षिण मुंबई से गुरु दर्शन यात्रा के लिए 120 श्रद्धालुओं का एक विशाल संघ अहमदाबाद पहुंचा। यह यात्रा केवल दर्शन तक सीमित नहीं रही, बल्कि इसमें साधना, सेवा और समाज के प्रति समर्पण का भाव भी झलकता रहा।

अहमदाबाद पहुंचने पर संघ को आचार्य महाश्रमण का विशेष सान्निध्य प्राप्त हुआ। आचार्यश्री ने संघजनों को सेवा का अवसर प्रदान किया और जीवन में संयम, अनुशासन और परस्पर सहयोग की महत्ता पर प्रकाश डाला। संघ के सभी भाई-बहनों ने गुरुदेव के सम्मुख खमत-खामना कर आत्मिक शांति का अनुभव लिया।

सभा अध्यक्ष सुरेश डागलिया ने इस अवसर पर संघजनों को संबोधित करते हुए चातुर्मास कार्यक्रम और वर्तमान में चल रही धार्मिक-सामाजिक गतिविधियों की जानकारी साझा की। उन्होंने समाज की एकजुटता और युवाओं की सहभागिता पर विशेष बल दिया।

गुरु दर्शन के इस पावन अवसर पर साध्वी प्रमुखा को लतिका डागलिया, मुख्य मुनि महावीर मुनि को फाउंडेशन अध्यक्ष कुंदन मल धाकड़ और साध्वी वर्या को गिरीश सिसोदिया ने विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।

यात्रा के दौरान फाउंडेशन कार्याध्यक्ष गणपत डागलिया, रमेश मेहता, सभाध्यक्ष सुरेश डागलिया, उपाध्यक्ष नितेश धाकड़, कोषाध्यक्ष प्रकाश सिसोदिया सहित कई पदाधिकारी सक्रिय रूप से जुड़े रहे। सभा का संचालन सभा मंत्री दिनेश धाकड़ ने किया।

इस यात्रा ने न केवल दक्षिण मुंबई के श्रद्धालुओं को धार्मिक ऊर्जा प्रदान की, बल्कि अहमदाबाद समाज में भी उत्साह और श्रद्धा का वातावरण निर्मित किया। गुरुदर्शन यात्रा का यह आयोजन समाज की एकता, सेवा और आध्यात्मिक साधना का जीवंत उदाहरण बनकर उभरा।

Next Story