दिवाली के बाद मनाए जाने वाला पर्व गोवर्धन पूजा हिन्दू धर्म में बहुत मान्यता रखता है। मथुरा और वृन्दावन में इस पूजा को बड़े धूम-धाम से मनाया जाता है। पौराणिक कथाओं के अनुसार, इस पूजा की शुरुवात तब हुई थी जब भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्रदेव के प्रकोप से, ब्रजवासियों को बचाया था। गाय के गोबर से भगवान श्रीकृष्ण का प्रतीकात्मक चित्र बनाकर विधिवत पूजा करते हैं। इस गाय के गोबर से बनाए गए प्रतीकात्मक चित्र पर भोग चढ़ाने के लिए अन्नकूट का प्रसाद बनाया जाता है।


माना जाता है की जब भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पर्वत को अपनी ऊँगली पर उठाया था, तब जिनके घरों में जो भी सब्ज़ियां उपलब्ध थी उसे मिलाकर आग में पकाया गया था। तब से इसे गोवर्धन का प्रसाद माना जाता है। अन्नकूट प्रसाद को तरह तरह की सब्ज़ियों के मिश्रण से बनाया जाता है। और इसे भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाने के बाद, भक्तों में बाँट दिया जाता है।


कई जगहों पर पकाए गए अनाज का भोग लगता है जैसे बाजरे की खिचड़ी। अन्नकूट पूजन के दौरान मंदिरों में समारोह का प्रबन्घ किया जाता है, जिसमें जगराते होते हैं और भक्तों की संख्या बहुत ज़्यादा होती है। गोवर्धन पर्वत को ऊँगली पर उठाते समय भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को प्रकृति का महत्व समझाया था।


अन्नकूट प्रसाद में कई प्रकार के व्यंजन जैसे मिठाई, पूरी, चावल और मिश्रित सब्ज़ियां शामिल होती हैं। सब्ज़ियों में मुख्य रूप से गोभी, मूली, गाजर, सेम, भिंडी, कद्दू, और आलू आदि डाली जाती हैं। इसके अलावा, इसमें बाजरा, कड़ी और खीर जैसे व्यंजन भी बनाए जा सकते हैं। अन्नकूट में विशेष रूप से भगवान श्रीकृष्ण के लिए 56 प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाता है जिसे छप्पन भोग कहते हैं।

अन्नकूट पूजा विधि:

  • इस दिन अपने घर की गाय और बैल को तिलक लगाकर फूलों की माला पहनाएं।
  • अन्नकूट के दिन गौमाता को मिठाई खिलाएं, उनकी आरती करें और उन्हें घुमाएं।
  • इसी दिन नए अनाज का भोजन बनाकर मंदिर में भगवान को भोग लगाएं।
  • भगवान कृष्ण को भी अन्नकूट का भोग चढ़ाएं और भोग के बाद उसे प्रसाद के रूप में ग्रहण करें।




Updated On
Manyaa Chaudhary

Manyaa Chaudhary

यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।

Next Story