साल 2026 के अंतिम महीने दिसंबर में कई प्रमुख व्रत और त्योहार मनाए जाने वाले हैं। इस महीने की शुरुआत काल भैरव अष्टमी से होगी और इसी दौरान उत्पन्ना एकादशी तथा मोक्षदा एकादशी जैसे महत्वपूर्ण व्रत भी आएंगे। महीने के आखिरी हिस्से में दत्तात्रेय जयंती और क्रिसमस डे मनाया जाएगा, जबकि 31 दिसंबर को रुक्मिणी अष्टमी के साथ साल 2026 का समापन होगा। आइए दिसंबर 2026 के सभी प्रमुख व्रत और त्योहारों की तिथियों तथा उनसे जुड़ी मान्यताओं के बारे में विस्तार से जानते हैं।

दिसंबर 2026 व्रत-त्योहार की सूची

नीचे दी गई तालिका में दिसंबर 2026 के प्रमुख व्रत और त्योहारों की तारीखें और दिन दिए गए हैं:


व्रत/ त्यौहार तारीख और दिन
कल भैरव अष्टमी

1 दिसंबर, मंगलवार

उत्पन्ना एकादशी

4 दिसंबर, शुक्रवार

रवि प्रदोष व्रत

6 दिसंबर, रविवार

मासिक शिवरात्रि

7 दिसंबर, सोमवार

मार्गशीर्ष अमावस्या

8 दिसंबर, मंगलवार

13. मोक्षदा एकादशी व्रत

20 दिसंबर, रविवार

श्रीगीता जयंती

20 दिसंबर, रविवार

सोम प्रदोष व्रत

21 दिसंबर, सोमवार

मार्गशीर्ष पूर्णिमा

23 दिसंबर, बुधवार

श्रीदत्तात्रेय जयंती

23 दिसंबर, बुधवार

क्रिसमस डे

25 दिसंबर, शुक्रवार

रुक्मिणी अष्टमी

31 दिसंबर, गुरुवार

श्रीकालभैरव अष्टमी

मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को श्रीकालभैरव अष्टमी का व्रत रखा जाता है। इस दिन भगवान शिव के रुद्र अवतार काल भैरव की आराधना करने का विधान बताया गया है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, काल भैरव की पूजा करने से व्यक्ति को सभी प्रकार के भय से सुरक्षा मिलती है। यह व्रत हर महीने की कृष्ण अष्टमी तिथि को किया जाता है और श्रद्धा तथा विधि के साथ इसका पालन करने पर शुभ फल प्राप्त होने की मान्यता है। मार्गशीर्ष माह में यह व्रत 1 दिसंबर, मंगलवार के दिन पड़ेगा।

उत्पन्ना एकादशी

मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की एकादशी तिथि पर उत्पन्ना एकादशी का व्रत किया जाता है। इस अवसर पर विधिपूर्वक भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा करने का विधान है। मान्यता है कि इस व्रत को करने से व्यक्ति के पाप कटते हैं और लक्ष्मीनारायण की कृपा प्राप्त हो सकती है। पद्मपुराण में भी उत्पन्ना एकादशी के महत्व का उल्लेख किया गया है। इस वर्ष उत्पन्ना एकादशी का व्रत 4 दिसंबर, शुक्रवार को रखा जाएगा।

रवि प्रदोष व्रत

प्रत्येक माह के कृष्ण और शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि को प्रदोष व्रत किया जाता है। मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि 6 दिसंबर को है और इस दिन रविवार होने के कारण इसे रवि प्रदोष व्रत कहा जाएगा। इस दिन भगवान शिव के साथ माता पार्वती की विधिपूर्वक पूजा की जाती है। मान्यता के अनुसार, इस व्रत से जीवन में सुख-समृद्धि के संयोग बनते हैं।

मासिक शिवरात्रि

मार्गशीर्ष मास के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को मासिक शिवरात्रि का व्रत रखा जाएगा। यह व्रत हर महीने की कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी को किया जाता है। मार्गशीर्ष मासिक शिवरात्रि का व्रत 7 दिसंबर, सोमवार को पड़ेगा। इस दिन विधिपूर्वक शिव परिवार की पूजा करने का विधान है और मान्यता है कि इससे शुभ फल की प्राप्ति होती है।

मार्गशीर्ष अमावस्या

इस वर्ष मार्गशीर्ष अमावस्या 8 दिसंबर, मंगलवार को पड़ रही है। इस तिथि पर विधि-विधान से भगवान विष्णु की पूजा की जाती है और साथ ही पवित्र नदी में स्नान तथा दान जैसे कार्यों का विशेष महत्व माना गया है। मान्यता है कि ऐसा करने से मनुष्य के पाप कट सकते हैं और जीवन में सुख-समृद्धि के योग बनते हैं।

मोक्षदा एकादशी व्रत और गीता जयंती

मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि को मोक्षदा एकादशी कहा जाता है। इस दिन विधिपूर्वक व्रत रखने और लक्ष्मीनारायण की पूजा करने का विधान है। इस बार मोक्षदा एकादशी का व्रत 20 दिसंबर, रविवार को किया जाएगा। मान्यता के अनुसार, इस व्रत का अनुष्ठान करने से व्यक्ति को जन्म-जन्मांतर के पापों से मुक्ति मिल सकती है और पितरों को मोक्ष प्राप्त होता है। इसी दिन महाभारत में भगवान श्रीकृष्ण ने अर्जुन को गीता का उपदेश दिया था, इसलिए इस तिथि पर गीता जयंती का पर्व भी मनाया जाएगा।

सोम प्रदोष व्रत

मार्गशीर्ष मास के शुक्ल पक्ष की त्रयोदशी तिथि 21 दिसंबर, सोमवार को पड़ रही है, जिस कारण इसे सोम प्रदोष व्रत कहा जाएगा। इस दिन भगवान शिव की विधि-विधान से आराधना करना शुभ फलदायी माना जाता है। मान्यता है कि इस व्रत से जीवन में सुख और शांति बनी रहती है।

मार्गशीर्ष पूर्णिमा और दत्तात्रेय जयंती

मार्गशीर्ष मास की पूर्णिमा तिथि इस बार 23 दिसंबर, बुधवार को पड़ रही है। इस दिन पवित्र नदी में स्नान और दान जैसे पुण्य कार्यों का विशेष महत्व बताया गया है। इसके साथ ही मार्गशीर्ष पूर्णिमा तिथि पर दत्तात्रेय जयंती का पर्व भी मनाया जाता है। मान्यता के अनुसार, दत्तात्रेय ब्रह्माजी, भगवान विष्णु और शिवजी का अंश हैं, इसलिए इनकी पूजा करना शुभ फलदायी माना जाता है।

क्रिसमस डे

हर वर्ष की तरह इस साल भी 25 दिसंबर को क्रिसमस डे मनाया जाएगा। हालांकि बाइबल में जीसस क्राइस्ट की जन्मतिथि का उल्लेख नहीं है, लेकिन हर साल 25 दिसंबर को उनके जन्म की खुशी में क्रिसमस डे मनाया जाता है। इस दिन लोग घरों में क्रिसमस ट्री सजाते हैं और आपस में उपहारों का आदान-प्रदान करते हैं।

रुक्मिणी अष्टमी

पौष मास के कृष्ण पक्ष की अष्टमी तिथि को रुक्मिणी जयंती का त्योहार मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी दिन देवी लक्ष्मी का प्राकट्य रुक्मिणी के रूप में हुआ था। इस वर्ष रुक्मिणी अष्टमी 31 दिसंबर, गुरुवार को पड़ रही है और मान्यता है कि इस दिन माता लक्ष्मी की विधि-विधान से पूजा करने से अत्यंत शुभ फल प्राप्त होता है।

Lalita Rajput

Lalita Rajput

इन्हें लेखन क्षेत्र में लगभग 5 वर्षों का अनुभव है। इस दौरान इन्होंने फाइनेंस, कैलेंडर और बिज़नेस न्यूज़ को गहराई से कवर किया है। इनकी शैक्षणिक पृष्ठभूमि वित्त से जुड़ी है—इन्होंने एमबीए (फाइनेंस) किया है और वर्तमान में फाइनेंस में पीएचडी कर रही हैं। जनवरी 2026 से ये दै. प्रातःकाल में कार्यरत हैं, जहाँ बिज़नेस, फाइनेंस, मौसम और भारतीय सीमाओं से जुड़े समाचार सरल, सटीक और व्यवस्थित ढंग से प्रस्तुत करती हैं।

Next Story