छठ महापर्व 2026: वाराणसी में नहाय-खाय के साथ महापर्व की शुरुआत, घाटों पर तैयारी तेज
व्रती आज करेंगे खरना और 36 घंटे का निर्जल व्रत, गंगा तटों पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भारी भीड़

वाराणसी में छठ पूजा के लिए गंगा तट पर जगह घेरने हेतु पेंट से नाम लिखे गए हैं।
वाराणसी। लोक आस्था के महापर्व डाला छठ का उल्लास चरम पर पहुंच गया है। भगवान सूर्य और प्रकृति की अधिष्ठात्री देवी षष्ठी की उपासना का चार दिवसीय महापर्व शुक्रवार को कार्तिक शुक्ल चतुर्थी तिथि पर नहाय-खाय की परंपरा के साथ शुरू हो गया। पर्व की शुरुआत के साथ ही घरों से लेकर गंगा और वरुणा के घाटों तक भक्ति, शुद्धता और उत्साह का माहौल दिखाई देने लगा है।
संतान प्राप्ति, संतान के कल्याण और उनकी दीर्घायु की कामना के लिए किए जाने वाले इस कठिन व्रत को लेकर श्रद्धालु तैयारियों में जुटे हैं। महापर्व के पहले दिन नहाय-खाय पर व्रती और परिवार के सदस्य घरों की साफ-सफाई करने के बाद निकटतम नदी या सरोवर में पवित्र स्नान करेंगे। इसके बाद पूरी शुद्धता और विधि-विधान से छठ पूजा का प्रसाद तैयार किया जाएगा। इसमें ठेकुआ, मीठी पूड़ी, पकौड़ी, खाजा और अनरस प्रमुख रूप से शामिल होंगे।
नहाय-खाय की शाम व्रती बिना लहसुन-प्याज के तैयार लौकी की सब्जी, चावल, चने की दाल, घी, सेंधा नमक, हरी धनिया, मिर्च और रोटी का सात्विक भोजन ग्रहण करेंगे। भोजन के बाद व्रती भूमि पर शयन करेंगे। शनिवार को खरना की परंपरा पूरी होने के साथ ही 36 घंटे के निर्जल व्रत का कठोर संकल्प शुरू हो जाएगा।
सूर्योपासना के लिए गंगा घाटों, कुंडों और सरोवरों पर तैयारियां तेज हो गई हैं। श्रद्धालु पूजा के लिए स्थान चिह्नित कर मिट्टी की वेदियां बना रहे हैं। वेदियों के निर्माण के बाद उनके रंग-रोगन का काम भी किया जा रहा है। वहीं, पूजा समितियों की ओर से बांस-बल्लियां लगाकर घाटों को आकर्षक लाइटों और झालरों से सजाया जा रहा है।
भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए गंगा और वरुणा तटों पर जगह घेरने की होड़ भी दिखाई दे रही है। इस दौरान कई लोग अपना प्रभाव और रसूख दिखाने के लिए चिह्नित स्थानों पर पेंट से जिला जज, डीएम आफिस, यूपी पुलिस और पुलिस लाइन लिख रहे हैं। घाटों पर स्थान चिह्नित करने का यह तरीका भी छठ की तैयारियों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।
छठ महापर्व के दूसरे दिन 14 नवंबर, शनिवार को खरना यानी लोहंडा की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन व्रती पूरे दिन निर्जल उपवास रखेंगे। संध्याकाल में भगवान सूर्य की पूजा-अर्चना के बाद स्वयं तैयार किए गए गुड़ और चावल की खीर का प्रसाद ग्रहण करेंगे। खरना के साथ ही 36 घंटे के निर्जल व्रत की शुरुआत होगी।
15 नवंबर, रविवार को षष्ठी अर्घ्य का मुख्य पर्व मनाया जाएगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगे। बांस की टोकरी में ठेकुआ, मौसमी फल, कंदमूल और पूजन सामग्री सजाई जाएगी। शाम को श्रद्धालु नदी या तालाब के घाट पर पहुंचकर जल में खड़े होंगे और अस्त होते सूर्य की किरणों से सुसज्जित भगवान भास्कर को पहला अर्घ्य अर्पित करेंगे।
16 नवंबर, सोमवार को सप्तमी तिथि पर उषा अर्घ्य दिया जाएगा। इस दिन प्रातःकाल उगते सूर्य को दूसरा अर्घ्य अर्पित करने के बाद पारण के साथ व्रत का समापन होगा। चार दिनों तक चलने वाले इस महापर्व में नहाय-खाय से लेकर उषा अर्घ्य तक प्रत्येक परंपरा का अपना धार्मिक महत्व है। वाराणसी में घाटों की सजावट, वेदियों का निर्माण और पूजा की तैयारियां अब अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
