लखनऊ। अयोध्या के ऐतिहासिक दीपोत्सव-2026 में इस बार तकनीक और आस्था का संगम देखने को मिलेगा। देश-विदेश में रहने वाले रामभक्त भी डिजिटल माध्यम से भगवान श्रीराम के चरणों में दीप अर्पित कर सकेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार ने 30 लाख दीप प्रज्वलित करने का लक्ष्य रखा है। इसी क्रम में डिजिटल धार्मिक मंच 'श्री मंदिर' ऐप के माध्यम से अयोध्या के राजद्वार में एक लाख दीप जलाए जाएंगे।

दीपोत्सव के 10वें संस्करण में लगातार पांचवें वर्ष श्री मंदिर ऐप की ओर से यह विशेष पहल की जा रही है। इसके तहत दुनिया के किसी भी हिस्से में बैठा श्रद्धालु ऑनलाइन बुकिंग कर अपने नाम से दीपदान कर सकेगा। श्रद्धालुओं को एक, पांच, 11 और 21 दीप अर्पित करने के विकल्प दिए जाएंगे। बुकिंग के बाद अयोध्या के राजद्वार में मौजूद विद्वान पुरोहित संबंधित श्रद्धालु के नाम और गोत्र से विधिवत संकल्प लेकर वैदिक रीति से दीप प्रज्वलित करेंगे।

इस पूरी प्रक्रिया की वीडियो रिकॉर्डिंग भी कराई जाएगी। बाद में यह वीडियो डिजिटल माध्यम से संबंधित श्रद्धालु के साथ साझा किया जाएगा। इससे विदेशों और देश के दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले रामभक्त भी अयोध्या के दीपोत्सव से सीधे जुड़ सकेंगे और अपने आराध्य भगवान श्रीराम के चरणों में दीप अर्पित करने का आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त कर पाएंगे।

श्री मंदिर ऐप की ओर से दीपोत्सव के अवसर पर दीपदान के अलावा अन्य धार्मिक अनुष्ठान भी आयोजित किए जाएंगे। इनमें अखंड रामायण पाठ शामिल है। इसके साथ ही विद्वान आचार्यों और ब्राह्मणों का विधि-विधान से वंदन एवं सेवा की जाएगी। आयोजन के तहत पांच हजार से अधिक साधु-संतों, श्रद्धालुओं और जरूरतमंदों के लिए महा-अन्नदान एवं भंडारे की व्यवस्था भी की जाएगी।

श्री मंदिर के संस्थापक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशांत सचान ने कहा कि उनका मानना है कि किसी भी श्रद्धालु की आस्था और उसके आराध्य के पवित्र तीर्थस्थल के बीच भौगोलिक दूरी बाधा नहीं बननी चाहिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश सरकार अयोध्या के दीपोत्सव और भारतीय सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक स्तर पर स्थापित करने का कार्य कर रही है। इस आयोजन में सहयोगी बनना उनके लिए सौभाग्य की बात है।

प्रशांत सचान ने कहा कि श्री मंदिर का प्रयास है कि दुनिया के किसी भी हिस्से में रहने वाले रामभक्त का संकल्प अयोध्या तक पहुंचे। उनके नाम से प्रज्वलित होने वाला प्रत्येक दीप पूरी श्रद्धा, सम्मान और वैदिक विधि-विधान के साथ भगवान श्रीराम को समर्पित किया जाए।

उल्लेखनीय है कि चार करोड़ से अधिक डाउनलोड वाला श्री मंदिर ऐप देशभर के 100 से अधिक प्रमुख मंदिरों से जुड़ी ऑनलाइन पूजा, धार्मिक सेवा, चढ़ावा अर्पण और प्रसाद वितरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है। इस डिजिटल पहल से बुजुर्गों, अस्वस्थ श्रद्धालुओं और विदेशों में रहने वाले रामभक्तों को भी दीपोत्सव में सहभागी बनने का अवसर मिलेगा, जो किसी कारणवश अयोध्या नहीं पहुंच सकते। इस तरह डिजिटल दीपदान के जरिए अयोध्या के दीपोत्सव को दुनिया के कोने-कोने में रहने वाले श्रद्धालुओं से जोड़ने की पहल की जा रही है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story