अररिया आरएस स्थित श्री राम जानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में बुधवार की शाम गणेश महोत्सव के दौरान श्रद्धा, आस्था, भक्ति व विश्वास का अद्भुत संगम देखने को मिला। बनारस की प्रसिद्ध गंगा आरती की तर्ज पर हुई भव्य आरती ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। वाराणसी से आए विद्वान पंडितों की टोली ने पूरे विधि-विधान, शंखनाद, मंत्रोच्चार और पारंपरिक वेशभूषा में भगवान श्री गणेश की आरती उतारी।

आयोजक ने बताया कि श्री राम जानकी ठाकुरबाड़ी मंदिर परिसर में बने पूजा पंडाल में विशेष आरती कराने के लिए वाराणसी से विद्वान पंडितों की टोली बुलाई गई थी। इसके लिए पूजा पंडाल को काशी के घाटों की तर्ज पर दीपों, फूलों और रोशनी से विशेष रूप से सजाया गया था। ढोल-नगाड़ों और जय श्री गणेश के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।

जैसे ही पंडितों ने विशाल दीपों के साथ आरती शुरू की, वहां मौजूद सैकड़ों श्रद्धालु हाथ जोड़कर भक्ति रस में खो गए। श्रद्धालु एकटक आरती देखते रहे। आरती के दर्शन के लिए आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे। महिलाओं, युवाओं और बच्चों में खासा उत्साह देखने को मिला। कई श्रद्धालुओं ने इसे बनारस की गंगा आरती बताया।

कमेटी के रामाधार गुप्ता, मनोज भगत, राजू अग्रवाल, निर्मल कुमार साह, अजय साह, राजकुमार चौधरी, हीरा गुप्ता, संतोष भगत, अभिषेक भगत, शंभू शर्मा, केशव कुमार, विकाश शर्मा आदि ने बताया कि गणेश महोत्सव को और अधिक भक्तिमय बनाने के लिए इस तरह के आयोजन से लोगों में आस्था व संस्कृति के प्रति लगाव बढ़ता है। आरती खत्म होने के बाद भक्तों के बीच 56 भोग का प्रसाद वितरण किया गया। इस आयोजन ने गणेश महोत्सव में श्रद्धालुओं की भागीदारी और धार्मिक उत्साह को विशेष रूप से सामने रखा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story