देबचंद्रिमा सिंघा रॉय बोलीं— सौम्या उन महिलाओं की आवाज़ बन रही है, जो कभी अपनी बात नहीं कह पाईं
‘ये फितूर तेरा’ में सौम्या अपने दर्दनाक अतीत का सामना करने जा रही है। देबचंद्रिमा सिंघा रॉय ने बताया कि कैसे सौम्या उन महिलाओं की आवाज़ बन रही है, जो कभी अपनी बात नहीं कह पाईं।

तस्वीर में बाईं ओर एक पुरुष काले रंग की शर्ट में खड़ा है और दाईं ओर सौम्या लाल सूट में हाथ में किताबें लिए नजर आ रही है।
‘ये फितूर तेरा’ में सौम्या का सफर अब ऐसे मोड़ पर पहुंच गया है, जहां उसके लिए आगे बढ़ना पहले से कहीं ज्यादा मुश्किल और भावुक होने वाला है। जीत के साथ उसका रिश्ता दर्शकों का दिल जीत रहा है, वहीं हालिया ट्रैक में सौम्या के डर के पीछे छिपी दर्दनाक सच्चाई भी सामने आ रही है।
सालों से खुद को पीछे रखने और चुप रहने वाली सौम्या अब उन यादों का सामना करने की ओर बढ़ रही है, जिन्होंने उसकी पूरी जिंदगी को प्रभावित किया है। जैसे-जैसे वह अपने अतीत के करीब पहुंच रही है, उसकी कहानी में बड़ा बदलाव देखने को मिलेगा। अब वह अपनी आवाज उठाना, अपने लिए खड़ा होना और अपने दर्द के लिए जिम्मेदार व्यक्ति का सामना करना सीखेगी।
आने वाले एपिसोड में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या सौम्या आखिरकार उस डर से बाहर निकल पाएगी, जिसने उसे इतने सालों से रोक रखा है।
शो में सौम्या का किरदार निभा रहीं देबचंद्रिमा सिंघा रॉय ने इस बड़े बदलाव के बारे में कहा, “सौम्या के किरदार की एक बात मुझे बहुत पसंद है कि वह आज उन महिलाओं के लिए आवाज़ उठा रही है, जो कभी चुप रहीं या अपनी बात कहने से डरती थीं। कहीं न कहीं, वह उन महिलाओं की आवाज़ बन रही है, जिन्हें अपनी बात कहने का मौका नहीं मिल पाया। सौम्या इस समय अपनी जिंदगी के एक बहुत मुश्किल दौर से गुजर रही है और मुझे लगता है कि यह उसकी कहानी का सबसे बड़ा बदलाव है। उसने सालों तक अपने अतीत का बोझ अपने साथ रखा और अपनी भावनाओं को खुद तक सीमित रखा। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वह अपने उस दर्दनाक अतीत का सामना कैसे करती है और क्या आखिरकार अपने लिए खड़े होने का फैसला करती है।”
उन्होंने आगे कहा, “इस ट्रैक को निभाना मेरे लिए भी काफी भावुक रहा है, क्योंकि सौम्या की कमजोरी और उसका दर्द बहुत सच्चा लगता है। मैं चाहती हूँ कि दर्शक देखें कि क्या वह आखिरकार उस इंसान का सामना करने की हिम्मत जुटा पाती है जिसने उसे चोट पहुँचाई और उसे करारा जवाब देती है। मुझे उम्मीद है कि सौम्या का यह सफर उन सभी लोगों से जुड़ेगा, जिन्होंने कभी अपनी आवाज़ उठाने के लिए संघर्ष किया है।”
सौम्या की कहानी अब उसके अतीत, डर और खुद के लिए आवाज उठाने के फैसले के बीच निर्णायक मोड़ की ओर बढ़ रही है। दर्शकों के लिए आने वाले एपिसोड में यह देखना अहम होगा कि क्या वह उस व्यक्ति का सामना कर पाती है जिसने उसे चोट पहुंचाई और वर्षों से उसके भीतर बने डर को पीछे छोड़ पाती है।
‘ये फितूर तेरा’ रात 8:30 बजे सिर्फ स्टार प्लस पर और कभी भी जियोहॉटस्टार पर देखा जा सकता है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
