सारी दुनिया को वेताल बनाने निकला ‘यक्षासन’, 'थामा' के ट्रेलर में दिखा नवाज़ुद्दीन का खतरनाक रूप
आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘थाम्मा’ का ट्रेलर रिलीज कर दिया गया है। इस ट्रेलर ने दर्शकों को अनोखे हॉरर-कॉमेडी ब्रह्मांड की झलक दी है

हिंदी सिनेमा में हॉरर-कॉमेडी की दुनिया को नई ऊंचाइयों तक ले जाने वाली फिल्मों की श्रृंखला में अब एक और नाम जुड़ गया है। आयुष्मान खुराना और रश्मिका मंदाना की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘थाम्मा’ का ट्रेलर आखिरकार रिलीज कर दिया गया है। इस ट्रेलर ने दर्शकों को उस अनोखे हॉरर-कॉमेडी ब्रह्मांड की झलक दी है, जिसे ‘स्त्री’, ‘मुंज्या’, ‘भेड़िया’ और हाल ही में आई ‘स्त्री 2’ जैसी फिल्मों से अपार लोकप्रियता मिली है।
मुंबई में आयोजित एक भव्य ‘थम्माकेदार’ कार्यक्रम में इस ट्रेलर का लॉन्च किया गया। इस अवसर पर ‘स्त्री’ फ्रेंचाइज़ी का चेहरा कही जाने वाली श्रद्धा कपूर भी मौजूद रहीं, जिन्होंने फिल्म की टीम का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम ने इस फिल्म के प्रति दर्शकों की उम्मीदों को और भी बढ़ा दिया।
ट्रेलर में फिल्म की कहानी की झलक मिलती है, जो दर्शकों को एक अनोखी और रोमांचक पिशाच (वैंपायर) दुनिया से परिचित कराती है। इसमें नवाज़ुद्दीन सिद्दीकी को ‘यक्षासन’ नामक किरदार में पेश किया गया है, जो एक भयावह पिशाच और कहानी का मुख्य खलनायक प्रतीत होता है। अपने दमदार अभिनय और स्क्रीन प्रेज़ेंस के साथ नवाज़ुद्दीन एक बार फिर से पर्दे पर डर और सिहरन को जीवंत करते नजर आ रहे हैं।
फिल्म की कहानी को प्रेम, हास्य और भय के मिश्रण के रूप में प्रस्तुत किया गया है, जो इसे त्योहारों के मौसम में दर्शकों के लिए खास आकर्षण बना सकता है। निर्माताओं ने इसे एक अनोखी ‘ब्लडी लव स्टोरी’ बताया है, जिसमें भारतीय लोककथाओं से जुड़ी एक भुला दी गई दास्तान को सामने लाया गया है।
निर्माताओं ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर फिल्म को लेकर लिखा— “हमारी लोककथाओं से जुड़ा एक भुला हुआ किस्सा, इस दिवाली Thamma के रूप में केंद्र में आ रहा है। मैडॉक हॉरर कॉमेडी यूनिवर्स लेकर आ रहा है एक खून से सनी प्रेम कहानी। इस फिल्म का निर्माण दिनेश विजान और अमर कौशिक ने किया है, जबकि निर्देशन आदित्य सरपोतदार ने किया है। यह फिल्म 21 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।”
‘थम्मा’ का ट्रेलर यह साफ संकेत देता है कि यह फिल्म केवल डर और रोमांच तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि इसमें हास्य और भावनाओं का ऐसा मिश्रण होगा, जो दर्शकों को एक अनोखा सिनेमाई अनुभव देगा। आगामी दीवाली पर यह फिल्म सिनेमाघरों में किस तरह का जादू बिखेरती है, इस पर अब सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
- हॉरर-कॉमेडी MovieThammaThamma trailermovie ThammaAyushmann KhurranaRashmika MandannaNawazuddin Siddiquiactor Ayushmann Khurranaactress Rashmika Mandannaactor Nawazuddin Siddiquiथामाथामा ट्रेलरफिल्म थामाआयुष्मान खुरानारश्मिका मंदानानवाजुद्दीन सिद्दीकीएक्टर आयुष्मान खुरानाएक्ट्रेस रश्मिका मंदानाएक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी

Ruturaj Ravan
यह प्रातःकाल मल्टीमीडिया में वेबसाइट मैनेजर और सोशल मीडिया एक्जीक्यूटिव के रूप में कार्यरत हैं, और पिछले तीन वर्षों से पत्रकारिता व डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं। इससे पूर्व उन्होंने दैनिक प्रहार में वेबसाइट प्रबंधन और सोशल मीडिया के लिए रचनात्मक कंटेंट निर्माण और रणनीतियों में अनुभव अर्जित किया। इन्होंने कोल्हापुर के छत्रपति शिवाजी महाराज विश्वविद्यालय से स्नातक और हैदराबाद के सत्या इंस्टीट्यूट से उच्च शिक्षा पूरी की। इन्हें SEO मैनेजमेंट, सोशल मीडिया और उससे संबंधित रणनीतियाँ तैयार करने में व्यापक अनुभव है।
