मुंबई, 29 जून, 2026: ‘अपरिचित’ और ‘आई’ जैसी फिल्मों में अविस्मरणीय अभिनय से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करने वाले बहुमुखी अभिनेता चियान विक्रम एक बार फिर अपनी तीव्रता के साथ वापसी कर रहे हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित एक्शन थ्रिलर ‘वीरा धीरा सूरन 2’ का वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर बुधवार, 1 जुलाई को रात 8 बजे ज़ी सिनेमा पर प्रसारित किया जाएगा। विक्रम केवल एक अभिनेता नहीं, बल्कि एक अनुभव हैं, जिन्होंने अपने हर किरदार में पूरी तरह डूब जाने की अद्भुत क्षमता का परिचय दिया है। ‘अपरिचित’ के जटिल डबल रोल से लेकर ‘आई’ के परिवर्तनकारी सफर तक, उन्होंने भारतीय सिनेमा में अपनी एक अमिट छाप छोड़ी है। ‘वीरा धीरा सूरन 2’ दर्शकों को विक्रम के उसी अनपेक्षित और रोमांचक अभिनय से पुनः परिचित कराएगी।

एस.यू. अरुण कुमार द्वारा निर्देशित यह फिल्म काली नामक एक व्यक्ति की कहानी है, जो राशन की दुकान चलाने वाला एक शांत स्वभाव का व्यक्ति है। अपनी पत्नी और दो बच्चों के साथ एक साधारण जीवन व्यतीत कर रहा काली अपने हिंसक अतीत को पीछे छोड़ चुका है। हालांकि, परिस्थितियाँ तब बदल जाती हैं जब उसका पुराना संसार फिर से उसके दरवाज़े पर दस्तक देता है। अपने परिवार की सुरक्षा के लिए, काली एक बार फिर एक घातक खेल में फंस जाता है, जहाँ वह न तो ताकत और न ही बदले के लिए, बल्कि अपने परिवार को बचाने के लिए लड़ता है।

मदुरै की पृष्ठभूमि पर आधारित यह फिल्म एक बेपरवाह पुलिस अधिकारी और एक क्राइम लॉर्ड की मदद की पुकार के बीच बुनी गई है। कहानी एक अफरातफरी भरी रात के इर्द-गिर्द घूमती है, जहाँ काली मजबूरन उस व्यक्ति के रूप में वापस आने को विवश हो जाता है, जिसे उसने कभी दोबारा न बनने की कसम खाई थी। फिल्म का हर दृश्य तनाव को चरम पर ले जाता है, जहाँ काली द्वारा लिया गया प्रत्येक निर्णय उसे खाई के किनारे खड़ा कर देता है। चियान विक्रम ने इस किरदार को प्रभावशाली तीव्रता के साथ जीवंत किया है, जो दर्शकों को अंत तक बांधे रखता है। यह फिल्म इस बात का सशक्त चित्रण है कि जब काली के परिवार पर संकट आता है, तो वह पीछे नहीं हटता, बल्कि पलटकर मुकाबला करता है। चियान विक्रम की इस दमदार फिल्म के वर्ल्ड टेलीविज़न प्रीमियर को देखना न भूलें, केवल ज़ी सिनेमा पर, बुधवार 1 जुलाई को रात 8 बजे।

Pratahkal Newsroom

Pratahkal Newsroom

प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story