तुम्बाड 2 से पहले सोहम शाह पहुंचे उसी आइकॉनिक वाड़ा में, फिर ताजा हुईं पुरानी यादें
तुम्बाड 2 से पहले सोहम शाह उसी आइकॉनिक वाड़ा पहुंचे, जहां पहली फिल्म की कई अहम घटनाएं हुई थीं। रेकी के दौरान आटे की गुड़ियों के ओरिजिनल मोल्ड्स मिलने से पुरानी यादें फिर ताजा हो गईं।

तस्वीर में अभिनेता सोहम शाह तुम्बाड के सेट पर बने एक पुराने और बड़े किलेनुमा दरवाजे के पास सीढ़ियों पर खड़े होकर पोज़ देते हुए नजर आ रहे हैं।
तुम्बाड 2 को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। इसी बीच एक्टर-प्रोड्यूसर सोहम शाह ने फिल्म के पहले पार्ट से जुड़ी यादों को फिर ताजा कर दिया है। सोहम शाह ने तुम्बाड की शूटिंग वाले वाड़ा की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। तस्वीरों में वाड़ा का वही आइकॉनिक दरवाजा दिखाई दे रहा है, जहां सीढ़ियों पर बैठकर सोहम पोज देते नजर आ रहे हैं।
तुम्बाड में यही वाड़ा कहानी का अहम हिस्सा था। फिल्म की कई बड़ी घटनाएं इसी जगह हुई थीं। इसी वाड़ा में देवी की कोख थी, जिसमें हस्तर का वास था। कहानी का अंत भी इसी वाड़ा में हुआ था। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि तुम्बाड 2 की कहानी यहीं से आगे बढ़ती है या फिल्म दर्शकों को किसी नई जगह और नए रहस्य की दुनिया में ले जाती है। फिलहाल तुम्बाड 2 पर तेजी से काम चल रहा है और फैंस इसके अगले चैप्टर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
वाड़ा की रेकी के दौरान टीम को आटे की उन गुड़ियों के ओरिजिनल मोल्ड्स भी मिल गए, जिनका इस्तेमाल पहली फिल्म में किया गया था। ये मोल्ड्स पहली फिल्म की शूटिंग के बाद से वहीं पड़े हुए थे और इतने सालों से उन्हें किसी ने छुआ तक नहीं था। इस खोज ने तुम्बाड 2 की दुनिया से जुड़ी पुरानी यादों को और खास बना दिया है।
2018 में रिलीज हुई तुम्बाड में सोहम शाह लीड रोल में थे। अपनी अलग विजुअल दुनिया, लोककथा से जुड़ी कहानी और डरावने माहौल की वजह से फिल्म ने समय के साथ एक कल्ट फॉलोइंग बनाई। 2024 में दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद फिल्म को नई ऑडियंस का भी शानदार रिस्पॉन्स मिला और यह दोबारा बड़ी हिट साबित हुई।
तुम्बाड 2 की कास्टिंग ने भी फिल्म को लेकर एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। नवाजुद्दीन सिद्दीकी के बाद आलिया भट्ट की भी फिल्म में एंट्री हुई है और दोनों अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सोहम शाह ने जुलाई में फिल्म की कास्टिंग का ऐलान किया था। यानी अगले चैप्टर में सोहम शाह, आलिया भट्ट और नवाजुद्दीन सिद्दीकी एक साथ नजर आएंगे।
तुम्बाड 2 को एक्टर-प्रोड्यूसर सोहम शाह अपने बैनर सोहम शाह फिल्म्स के तहत बना रहे हैं। फिल्म में दिग्गज प्रोड्यूसर डॉ. जयंतीलाल गड़ा के पेन स्टूडियोज का भी साथ है। फिल्म का निर्देशन आदेश प्रसाद कर रहे हैं। पेन स्टूडियोज RRR और गंगूबाई काठियावाड़ी जैसी बड़ी फिल्मों को सपोर्ट कर चुका है और अब तुम्बाड 2 को भी बड़े सिनेमाई स्केल पर लाने की तैयारी है। तुम्बाड 2 सिनेमाघरों में 3 दिसंबर 2027 को रिलीज होगी।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
