सोहम शाह ने ‘तुम्बाड’ के उसी वाड़ा में लौटकर बढ़ाई ‘तुम्बाड 2’ की एक्साइटमेंट
सोहम शाह ने ‘तुम्बाड’ के उसी वाड़ा की तस्वीरें साझा कीं, जहां पहली फिल्म की अहम घटनाएं हुई थीं। ‘तुम्बाड 2’ को लेकर बढ़ा रोमांच।

तस्वीर में अभिनेता सोहम शाह वाड़ा की सीढ़ियों पर बैठकर पोज देते हुए नजर आ रहे हैं।
तुम्बाड 2’ को लेकर दर्शकों की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। इसी बीच एक्टर-प्रोड्यूसर सोहम शाह ने फिल्म के पहले भाग से जुड़ी यादें फिर ताजा कर दी हैं। उन्होंने ‘तुम्बाड’ की शूटिंग वाले वाड़ा की कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिनमें वही आइकॉनिक दरवाजा नजर आ रहा है। तस्वीरों में सोहम शाह सीढ़ियों पर बैठे पोज देते दिखाई दे रहे हैं। इन तस्वीरों ने फैंस को फिल्म के पहले पार्ट की याद दिला दी है।
‘तुम्बाड’ में यही वाड़ा कहानी का सबसे अहम हिस्सा था, जहां फिल्म की कई बड़ी घटनाएं हुई थीं। इसी जगह देवी की कोख थी, जिसमें हस्तर का वास था। कहानी का अंत भी इसी वाड़ा में हुआ था। ऐसे में अब यह देखना दिलचस्प होगा कि ‘तुम्बाड 2’ की कहानी यहीं से आगे बढ़ती है या फिल्म दर्शकों को किसी नई जगह और नए रहस्य की दुनिया में ले जाती है। फिलहाल ‘तुम्बाड 2’ पर तेजी से काम चल रहा है और फैंस इसके अगले चैप्टर का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।
इसी बीच खबर है कि वाड़ा की रेकी के दौरान टीम को आटे की उन गुड़िया के ओरिजिनल मोल्ड्स भी मिल गए, जिनका इस्तेमाल पहली फिल्म में किया गया था। ये मोल्ड्स पहली फिल्म की शूटिंग के बाद से वहीं पड़े हुए थे और इतने सालों से उन्हें किसी ने छुआ तक नहीं था। ऐसे में इन मोल्ड्स की खोज ने ‘तुम्बाड 2’ की दुनिया से जुड़ी पुरानी यादों को और खास बना दिया है।
2018 में रिलीज हुई ‘तुम्बाड’ में सोहम शाह लीड रोल में थे। अपनी अलग विजुअल दुनिया, लोककथा से जुड़ी कहानी और डरावने माहौल की वजह से फिल्म ने समय के साथ एक कल्ट फॉलोइंग बना ली। 2024 में दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद फिल्म को नई ऑडियंस का भी शानदार रिस्पॉन्स मिला और यह दोबारा बड़ी हिट साबित हुई।
‘तुम्बाड 2’ की कास्टिंग ने भी दर्शकों की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है। नवाजुद्दीन सिद्दीकी के बाद आलिया भट्ट की भी फिल्म में एंट्री हुई है और दोनों अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। सोहम शाह ने जुलाई में फिल्म की कास्टिंग का ऐलान किया था। यानी अगले चैप्टर में सोहम शाह, आलिया भट्ट और नवाजुद्दीन सिद्दीकी एक साथ नजर आएंगे।
‘तुम्बाड 2’ को एक्टर-प्रोड्यूसर सोहम शाह अपने बैनर सोहम शाह फिल्म्स के तहत बना रहे हैं, जिसमें दिग्गज प्रोड्यूसर डॉ. जयंतीलाल गड़ा के पेन स्टूडियोज का भी साथ है। फिल्म का निर्देशन आदेश प्रसाद कर रहे हैं। पेन स्टूडियोज RRR और ‘गंगूबाई काठियावाड़ी’ जैसी बड़ी फिल्मों को सपोर्ट कर चुका है और अब ‘तुम्बाड 2’ को भी बड़े सिनेमाई स्केल पर लाने की तैयारी है। ‘तुम्बाड 2’ सिनेमाघरों में 3 दिसंबर 2027 को रिलीज होगी।

Pratahkal Hub
प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"
