Sony SAB का नया शो हस्तिनापुर के वीर महाभारत के शुरुआती वर्षों की भावनात्मक और नई प्रस्तुति के साथ दर्शकों के बीच आने जा रहा है। शो उन रिश्तों, मूल्यों और अनुभवों को केंद्र में रखेगा, जिन्होंने पौराणिक कथाओं के सबसे अहम किरदारों को आकार दिया। इसी क्रम में कुंती का किरदार निभा रहीं तोरल रसपुत्रा ने अपने किरदार की तैयारी को लेकर महत्वपूर्ण खुलासे किए हैं।

तोरल रसपुत्रा ने बताया कि उन्होंने कुंती को केवल पांडवों की माँ के रूप में नहीं देखा, बल्कि एक ऐसी स्त्री के रूप में समझने का प्रयास किया, जो हर चुनौती में मजबूती, त्याग और धैर्य की मिसाल बनी रहीं। इस किरदार को गहराई से आत्मसात करने के लिए उन्होंने कुंती पर आधारित कई किताबें और संदर्भ सामग्री पढ़ीं। इनमें क्वीन कुन्ती की टीचिंग्स, द कौन्तेयाज़– क्वीन कुन्ती’स महाभारत और कुन्ती जैसी पुस्तकें शामिल रहीं। इन पुस्तकों के माध्यम से उन्होंने कुंती के व्यक्तित्व के अनेक आयामों को समझा। एक माँ के साथ-साथ एक ऐसी स्त्री, जो कर्तव्य, त्याग, अपराधबोध, साहस और बिना शर्त प्रेम के बीच लगातार संतुलन बनाती रही।

तोरल ने कहा कि हर लेखक ने कुंती को अलग दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया, जिसने उन्हें इस किरदार की अपनी भावनात्मक और सशक्त व्याख्या विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा, “कुंती इतनी गहरी और भावनात्मक किरदार है कि मुझे लगा कि स्क्रिप्ट से आगे जाकर उन्हें समझना जरूरी है। मैंने कुंती पर किताबें पढ़ीं और हर किताब ने उनके व्यक्तित्व और सफर के बारे में अलग-अलग नजरिया दिया। मुझे सबसे ज्यादा यह बात आकर्षित करती रही कि हर संस्करण में उनकी ताकत, त्याग और भावनात्मक संघर्ष को अलग अंदाज में दिखाया गया। एक कलाकार के तौर पर इसने मुझे और गहराई से सोचने पर मजबूर किया और आखिरकार मैंने अपनी व्याख्या बनाई। कुंती एक ऐसी स्त्री है, जो मजबूत भी है और संवेदनशील भी, बुद्धिमान भी है और भावुक भी। मैं चाहती थी कि दर्शक उन्हें सिर्फ एक रानी या माँ के रूप में न देखें, बल्कि एक ऐसी स्त्री के रूप में देखें जिनके संघर्ष और धैर्य आज भी उतने ही प्रासंगिक हैं।”

हस्तिनापुर के वीर में कुंती के किरदार के जरिए दर्शकों को महाभारत की एक ऐसी परत देखने को मिलेगी, जिसमें रिश्तों की जटिलता, त्याग की पीड़ा और एक माँ के संघर्ष की गहराई को नए अंदाज में प्रस्तुत किया जाएगा। शो 2 जून से सोमवार से शनिवार रात 9 बजे सिर्फ Sony SAB पर प्रसारित होगा।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story