अभिनेत्री तमन्ना भाटिया ने पृथ्वी थिएटर से शुरुआत कर फिल्म बाहुबली और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी खास पहचान बनाई है।

अभिनेत्री तमन्ना भाटिया जिन्होंने साल 2005 में डेब्यू के बाद 'बाहुबली' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों और ओटीटी सीरीज के जरिए फिल्म इंडस्ट्री में अपनी जगह पक्की की।
Tamannaah Bhatia आज सिर्फ साउथ सिनेमा का नाम नहीं रहीं, बल्कि पैन इंडिया ग्लैमर, टैलेंट और स्टारडम की ऐसी पहचान बन चुकी हैं जिनकी हर फिल्म, हर डांस नंबर और हर सोशल मीडिया पोस्ट मिनटों में वायरल हो जाती है। कभी ‘कावाला’ जैसे गानों में उनकी एनर्जी लोगों को झूमने पर मजबूर करती है तो कभी ‘बाहुबली’ की योद्धा आवंतिका बनकर वह स्क्रीन पर आग लगा देती हैं। यही वजह है कि आज हर तरफ सिर्फ तमन्ना भाटिया की चर्चा हो रही है।
मुंबई में जन्मी तमन्ना ने महज 13 साल की उम्र में एक्टिंग सीखना शुरू कर दिया था। पृथ्वी थिएटर में स्टेज परफॉर्मेंस करते हुए उन्होंने अपने सपनों को आकार दिया। साल 2005 में हिंदी फिल्म ‘चांद सा रोशन चेहरा’ से उन्होंने डेब्यू किया, लेकिन शुरुआत आसान नहीं रही। पहली फिल्म बॉक्स ऑफिस पर नहीं चली, मगर तमन्ना ने हार नहीं मानी। इसके बाद उन्होंने तेलुगु फिल्म ‘श्री’ और तमिल फिल्म ‘केडी’ के जरिए साउथ इंडस्ट्री में कदम रखा। धीरे-धीरे ‘हैप्पी डेज’, ‘कल्लूरी’ और ‘कलिदासु’ जैसी फिल्मों ने उन्हें नई पहचान दिलाई और देखते ही देखते वह साउथ सिनेमा की सबसे भरोसेमंद अभिनेत्रियों में शामिल हो गईं।
तमन्ना की सबसे बड़ी ताकत उनकी स्क्रीन प्रेजेंस मानी जाती है। ‘अयान’, ‘पैय्या’, ‘100% लव’, ‘राचा’ और ‘तड़ाखा’ जैसी फिल्मों में उन्होंने रोमांस, कॉमेडी और इमोशनल किरदारों का ऐसा मिश्रण दिखाया कि दर्शक उनके दीवाने हो गए। ‘100% लव’ में कॉलेज गर्ल के रोल ने उन्हें बेस्ट एक्ट्रेस का संतोषम अवॉर्ड दिलाया, जबकि ‘तड़ाखा’ के लिए उन्हें सिम्मा क्रिटिक्स अवॉर्ड मिला। इसके बाद ‘वीरम’, ‘एफ2’, ‘धर्मा दुरई’ और ‘अरनमनई 4’ जैसी फिल्मों ने साबित कर दिया कि तमन्ना सिर्फ ग्लैमरस चेहरा नहीं बल्कि दमदार परफॉर्मर भी हैं।
फिर आया साल 2015, जिसने तमन्ना की जिंदगी बदल दी। Baahubali: The Beginning में आवंतिका का किरदार निभाकर उन्होंने पूरे देश को अपना फैन बना लिया। प्रभास के साथ उनकी केमिस्ट्री और योद्धा वाले अंदाज ने लोगों को हैरान कर दिया। इसके बाद Baahubali 2: The Conclusion ने उनकी लोकप्रियता को आसमान पर पहुंचा दिया। यही वह दौर था जब तमन्ना पैन इंडिया स्टार बन गईं। बाद में ‘जेलर’, ‘लस्ट स्टोरीज 2’, ‘आखिरी सच’ और ‘जी करदा’ जैसी फिल्मों और सीरीज में उन्होंने अपने किरदारों से यह साबित कर दिया कि वह हर तरह की कहानी में फिट बैठती हैं।
आज तमन्ना सिर्फ फिल्मों तक सीमित नहीं हैं। वह बड़े ब्रांड्स का चेहरा हैं, आईपीएल ओपनिंग सेरेमनी में परफॉर्म कर चुकी हैं और सोशल मीडिया पर करोड़ों लोग उन्हें फॉलो करते हैं। शुगर कॉस्मेटिक्स से लेकर शिसीडो तक, कई बड़े ब्रांड्स ने उन्हें अपना एंबेसडर बनाया। उन्होंने ‘बैक टू द रूट्स’ नाम की किताब भी लिखी और फिटनेस व हेल्दी लाइफस्टाइल को लेकर भी खूब चर्चा में रहीं। IMDb की पॉपुलैरिटी लिस्ट से लेकर फोर्ब्स इंडिया के सोशल मीडिया स्टार्स तक, हर जगह उनका नाम शामिल रहा है।
अब तमन्ना एक बार फिर अपने नए प्रोजेक्ट्स को लेकर सुर्खियों में हैं। ‘ओडेला 2’ से लेकर ‘रेड 2’ के स्पेशल सॉन्ग ‘नशा’ तक, वह लगातार अलग-अलग अंदाज में दर्शकों को सरप्राइज दे रही हैं। आने वाले समय में वह शाहिद कपूर, अजय देवगन, जॉन अब्राहम और सिद्धार्थ मल्होत्रा जैसे बड़े सितारों के साथ नजर आने वाली हैं। यही वजह है कि तमन्ना भाटिया सिर्फ एक अभिनेत्री नहीं, बल्कि आज के दौर की ऐसी स्टार बन चुकी हैं जिनकी हर एंट्री इंटरनेट पर तहलका मचा देती है।

