फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लोकप्रिय भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ से पहचान बनाने वाले दृष्टिबाधित लोक गायक सुनील लोधी की जिंदगी में नई उम्मीद जगी है। उनकी आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो गई है। गायक ने मंगलवार को सोशल मीडिया पर आंखों के क्लिनिक से कुछ तस्वीरें साझा करते हुए इसकी जानकारी दी। उन्होंने भावुक संदेश के जरिए अपने प्रशंसकों का आभार जताया और भगवान से आंखों की रोशनी वापस लौटने की प्रार्थना की।

सुनील लोधी ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में लिखा, “हे ईश्वर! आपने अब तक बहुत सहारा दिया है, हर मुश्किल में हौसला दिया है। आज मेरी आंखों के इलाज की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आप सभी की दुआओं और आशीर्वाद से एक नई उम्मीद जगी है। प्रभु से बस इतनी-सी प्रार्थना है कि मेरे जीवन में भी रोशनी लौट आए और मैं इस खूबसूरत दुनिया को अपनी आंखों से देख सकूं।”

उन्होंने आगे प्रशंसकों से अपने लिए दिल से प्रार्थना करने की अपील की। सुनील ने लिखा, “आपका प्यार, आशीर्वाद और दुआएं ही मेरी सबसे बड़ी ताकत हैं। हे प्रभु! अब बस एक कृपा और कर देना… मेरी आंखों की रोशनी वापस लौटा देना।”

बुधवार को सुनील ने आंखों के क्लिनिक जाने का एक वीडियो भी साझा किया। इसमें उन्होंने बताया कि उन्हें उसी दिन अपनी जांच रिपोर्ट मिलने वाली है।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर सुनील के उपचार की प्रक्रिया शुरू किए जाने की जानकारी भी सामने आई है। ‘बुंदेली दुनिया’ नाम के इंस्टाग्राम पेज पर साझा की गई एक अन्य पोस्ट के अनुसार, सागर स्थित बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सुनील लोधी का स्वास्थ्य परीक्षण और आंखों की विस्तृत जांच की गई।

इस पोस्ट में लिखा गया, “माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी की इच्छा के अनुसार, आज सुनील लोधी जी का स्वास्थ्य परीक्षण और आंखों की विस्तृत जांच बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज, सागर में की गई।”

इसी इंस्टाग्राम खाते पर बताया गया कि क्लिनिक जाने के बाद सुनील ने कलेक्टर दिलीप कुमार यादव से उनके कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात भी की। पोस्ट में कहा गया, “मुख्यमंत्री के निर्देश और कलेक्टर की विशेष पहल से सुनील जी के उपचार की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।”

सुनील लोधी को इसी साल रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के भजन ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान’ से व्यापक लोकप्रियता मिली। उनके इस गीत को श्रोताओं के बीच काफी पसंद किया गया। अब आंखों के उपचार की शुरुआत के बाद उन्होंने अपनी रोशनी वापस मिलने की उम्मीद जताई है। हालांकि, फिलहाल इलाज शुरू होने और जांच रिपोर्ट मिलने की जानकारी ही सामने आई है।

Next Story