स्टार प्लस के नए शो 'ये फितूर तेरा' की लॉन्च डेट का ऐलान हो गया है। देबचंद्रिमा सिंघा रॉय और ईशान धवन अभिनीत यह शो 5 अगस्त से रात 8:30 बजे दर्शकों के बीच प्रसारित होगा। शो की कहानी इलाहाबाद की रहने वाली सौम्या के इर्द-गिर्द घूमती है, जो हमेशा इस डर में रहती है कि लोग उसके बारे में क्या सोचेंगे।

सौम्या का यही डर उसे अपनी बात कहने और लोगों से जुड़ने से रोकता है। जब वह पहली बार एक को-एड कॉलेज में कदम रखती है, तो उसके सामने नई जगह, नए लोग और नए रिश्तों की चुनौतियां आती हैं। इसी सफर के दौरान उसकी मुलाकात जीत से होती है, लेकिन उसकी सबसे बड़ी लड़ाई किसी और से नहीं, बल्कि अपने अंदर छिपे डर से होती है।

शो में सौम्या के किरदार को निभा रहीं देबचंद्रिमा सिंघा रॉय ने बताया कि यह भूमिका उनके लिए खास क्यों है। उन्होंने कहा, "सच कहूँ, तो शुरू से ही मुझे सौम्या के लिए एक अलग-सी फीलिंग होने लगी थी। वह ऐसी लड़की है, जो सबसे बात करना चाहती है, सबसे जुड़ना चाहती है, लेकिन उसके अपने ही डर उसे हर बार रोक लेते हैं।"

देबचंद्रिमा ने कहा कि अक्सर लोग किसी शांत इंसान को देखकर यह मान लेते हैं कि वह वैसा ही है, लेकिन उसके मन में चल रहे सवालों और भावनाओं को कोई नहीं जानता। उन्होंने बताया कि सौम्या के किरदार को निभाते समय उन्होंने उसकी हर झिझक, हर रुकावट और हर खामोशी के पीछे की वजह को समझने की कोशिश की।

उन्होंने आगे कहा, "शायद यही बात उसे मेरे लिए इतना सच्चा बनाती है। मुझे लगता है कि बहुत-सी लड़कियाँ खुद को सौम्या में कहीं न कहीं ज़रूर देखेंगी। मैं बहुत खुश हूँ कि 'ये फितूर तेरा' की लॉन्च डेट अब सामने आ गई है। 5 अगस्त से रात 8:30 बजे इस नए सफर का हिस्सा ज़रूर बनिए और हमें अपना प्यार दीजिए।"

स्टार प्लस का 'ये फितूर तेरा' 5 अगस्त से हर रात 8:30 बजे प्रसारित होगा। दर्शक इस शो को स्टार प्लस के साथ-साथ कभी भी जियोहॉटस्टार पर देख सकेंगे।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story