मुंबई, सितंबर 2026। स्टार प्लस का नया शो ‘सयोनी’ अपने प्रोमो सामने आने के बाद से ही चर्चा में है। सरगुन मेहता के ड्रीमियाटा एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित इस शो के जरिए रश्मि देसाई लंबे समय बाद टेलीविजन पर वापसी कर रही हैं। हाल ही में जारी प्रोमो में गौतम सिंह विग और जाह्नवी सोनी की झलक ने शो की कहानी को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ा दी है।

शो में जाह्नवी सोनी सान्वी का किरदार निभा रही हैं। सान्वी की परवरिश एक अनाथालय में हुई है और उसने बचपन से मां का प्यार नहीं पाया। जाह्नवी ने वास्तविक जीवन में भले ही सान्वी जैसी परिस्थितियों का सामना नहीं किया हो, लेकिन अपनी बेहद करीबी दोस्त की जिंदगी को करीब से देखने के अनुभव ने उन्हें इस किरदार की भावनाओं को समझने में मदद की।

अपने किरदार को लेकर जाह्नवी सोनी ने कहा, “मैं खुद कभी सान्वी जैसी परिस्थितियों से नहीं गुजरी हूँ, लेकिन मेरी एक बहुत अच्छी दोस्त है, जो बिना माँ के बड़ी हुई है। वह अपनी मासी को ही अपनी माँ मानती है और मैंने उनके इस रिश्ते को बहुत करीब से देखा है। मैं अक्सर सोचती थी कि जब वह बड़ी हो रही थी, स्कूल जाती थी, उसके एग्जाम होते थे या जिंदगी के छोटे-बड़े खास पल आते थे, तब उसकी माँ उसके साथ नहीं थीं। धीरे-धीरे उसकी मासी ही उसके लिए माँ और उसका सबसे बड़ा सहारा बन गईं। मुझे लगता है कि अनाथालय में बड़े होने वाले कई बच्चों को भी कोई ऐसा शख्स मिल जाता है, जिससे वे भावनात्मक रूप से जुड़ जाते हैं और उसी में उन्हें अपने परिवार और अपनेपन का एहसास मिलने लगता है।”

जाह्नवी ने आगे कहा, “मेरी दोस्त की जिंदगी को इतने करीब से देखने के अनुभव ने मुझे सान्वी और उसके अंदर माँ के प्यार की कमी को समझने में मदद की। इस किरदार की तैयारी करते वक्त मैंने उन्हीं भावनाओं को महसूस करने और समझने की कोशिश की। इससे मैं यह समझ पाई कि सान्वी के लिए किसी में माँ की छवि और अपना परिवार तलाशना इतना मायने क्यों रखता है।”

रश्मि देसाई, जाह्नवी सोनी और गौतम सिंह विग अभिनीत ‘सयोनी’ का प्रीमियर 23 सितंबर को शाम 7:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा। सान्वी के किरदार के लिए जाह्नवी ने अपनी दोस्त की जिंदगी से मिली भावनात्मक समझ को आधार बनाया है, जो शो में मां के प्यार और परिवार की तलाश से जुड़ी उसकी कहानी को समझने में अहम भूमिका निभाती है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story