Star Plus Sairat Promo: मदिराक्षी मुंडले और रोहित चंदेल के नए शो को लेकर दर्शकों में उत्साह
मशहूर पॉप स्टार और साधारण युवती की प्रेम कहानी पर आधारित इस म्यूजिकल ड्रामा में नोयोनिका और ईशान की ऑन-स्क्रीन केमिस्ट्री सोशल मीडिया पर चर्चा बटोर रही है।

स्टार प्लस के नए शो 'सैराब' के मुख्य कलाकार मदिराक्षी मुंडले (बाएं) और रोहित चंदेल (दाएं) मुंबई में चैनल के एक भव्य कार्यक्रम के दौरान अपनी ऑन-स्क्रीन भूमिकाओं के संदर्भ में।
मुंबई, जून, 2026: स्टार प्लस का बहुप्रतीक्षित रोमांटिक म्यूजिकल ड्रामा 'सैराब' 2 जून, मंगलवार की शाम दर्शकों के बीच दस्तक देने जा रहा है। शो को लेकर जिस तरह की चर्चा और उत्साह देखने को मिल रहा है, उससे यह तो स्पष्ट है कि दर्शक पहले एपिसोड के प्रसारण से पहले ही इसकी मुख्य जोड़ी से जुड़ाव महसूस करने लगे हैं। मदिराक्षी मुंडले और रोहित चंदेल अभिनीत 'सैराब' अपने पुराने दौर की रोमांटिक खूबसूरती, सुकून भरे संगीत और शानदार विजुअल्स की वजह से इन दिनों खूब चर्चा बटोर रहा है। यह शो एक मशहूर पॉप स्टार और एक साधारण युवती की अनोखी प्रेम कहानी को दर्शाता है, जिसने वर्षों तक समाज द्वारा बनाए गए नियमों और अपेक्षाओं के बीच अपनी जिंदगी बिताई है।
शो का प्रोमो रिलीज़ होने के बाद से ही सोशल मीडिया पर दर्शकों की प्रतिक्रियाओं की बाढ़ सी आ गई है। दर्शक इसकी नई और ताज़गी भरी कहानी के साथ-साथ मुख्य कलाकारों की शानदार केमिस्ट्री की भी जमकर तारीफ कर रहे हैं। कई दर्शकों का मानना है कि 'सैराब' उन्हें उन भावनात्मक और दिल को छू लेने वाली प्रेम कहानियों की याद दिलाता है, जिनके लिए कभी स्टार प्लस जाना जाता था। सोशल मीडिया पर "आखिरकार एक खूबसूरत रोमांटिक कहानी देखने को मिलेगी" और "यह शो पुराने स्टार प्लस शोज़ वाला फील दे रहा है" जैसे कमेंट्स लगातार देखने को मिल रहे हैं। वहीं, कई दर्शक नोयोनिका और ईशान को इस सीज़न की सबसे दिलचस्प नई ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक मान रहे हैं।
दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ाते हुए, रोहित चंदेल और मदिराक्षी मुंडले को बीती रात प्रसारित हुए स्टार प्लस के भव्य कार्यक्रम 'फैशन के रंग, रिश्तों के संग' में चैनल की नई ऑन-स्क्रीन जोड़ी के रूप में पेश किया गया। रंगारंग प्रस्तुतियों, शानदार परफॉर्मेंस और पूरे स्टार परिवार की मौजूदगी के बीच दर्शकों को इस नई जोड़ी की पहली झलक देखने को मिली, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। इस दौरान दोनों कलाकारों की मौजूदगी ने दर्शकों के बीच खास उत्साह पैदा किया। शो की शुरुआत से पहले ही उनकी केमिस्ट्री को लेकर जो चर्चा सोशल मीडिया पर देखने को मिल रही है, उसने 'सैराब' को लेकर उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। देखना दिलचस्प होगा कि क्या नोयोनिका और ईशान की यह अनोखी प्रेम कहानी दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बना पाती है। तो देखना न भूलें 'सैराब', 2 जून, मंगलवार को शाम 7:30 बजे, सिर्फ स्टार प्लस पर।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
