सोनी सब का शो ‘यादें’ अपनी दिलचस्प कहानी और सहज किरदारों के कारण दर्शकों को लगातार बाँधे हुए है, जिसमें कलाकार अर्जुन पुंज और इक़बाल खान का वास्तविक जीवन का रिश्ता कहानी में एक अलग गर्माहट जोड़ता है। शो में अर्जुन पुंज ‘डिगी’ और इक़बाल खान ‘डॉ. देव मेहता’ की भूमिका निभा रहे हैं।

शो में जहां दोनों किरदारों के बीच टकराव दर्शाया गया है, वहीं वास्तविक जीवन में उनकी दोस्ती वर्षों पुरानी और बेहद आत्मीय है। उनकी बेटियाँ एक ही स्कूल में पढ़ती हैं, जहां से उनके परिचय की शुरुआत हुई। स्कूल कार्यक्रमों में माता-पिता के रूप में हुई मुलाकातें समय के साथ एक सहज और स्वाभाविक रिश्ते में बदल गईं। यही अपनापन अब सेट पर भी दिखाई देता है, जिससे उनके सीन अधिक वास्तविक और प्रभावी बनते हैं। ऑफ-स्क्रीन उनकी दोस्ती शूटिंग के माहौल को हल्का और सकारात्मक बनाए रखती है।

अपने इस अनुभव पर अर्जुन पुंज ने कहा, “इक़बाल और मैं बहुत पुराने समय से एक-दूसरे को जानते हैं, ‘यादें’ से पहले भी। हमारी बेटियाँ एक ही स्कूल में पढ़ती हैं, इसलिए हम अक्सर स्कूल इवेंट्स में मिलते थे। हमारी बातचीत हमेशा गर्मजोशी भरी होती थी, लेकिन उसी दायरे तक सीमित थी। हमने कभी नहीं सोचा था कि एक दिन हम साथ स्क्रीन शेयर करेंगे। जब यह पता चला, तो यह एक ‘फुल-सर्कल’ पल जैसा लगा। ऑन-स्क्रीन हमारे किरदार आमने-सामने हैं, लेकिन ऑफ-स्क्रीन माहौल बिल्कुल अलग है। पहले से जान-पहचान होने का जो सहजता होती है, वह हमारे काम में स्पष्ट दिखती है। हमें शुरुआत से रिश्ता बनाने की आवश्यकता नहीं पड़ी और वही सहजता हमारे सीन को ऑर्गेनिक बनाती है। ऑफ-स्क्रीन भी बच्चों की बातें करने से लेकर अब स्क्रिप्ट और सीन पर चर्चा करने तक का यह सफर बेहद खास रहा है। हमारे बीच आपसी सम्मान और अपनापन है, जो पूरे माहौल को हल्का और आनंददायक बनाए रखता है।”

‘यादें’ का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार रात 8:00 बजे सोनी सब पर किया जा रहा है, जहां दर्शकों को ऑन-स्क्रीन टकराव और ऑफ-स्क्रीन दोस्ती का अनूठा संतुलन देखने को मिल रहा है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story