सोनी सब के शो 'यादें' में छवि पांडे ने डॉ. प्रीति देशमुख के रूप में एंट्री की है। इक़बाल खान के किरदार डॉ. देव मेहता की ज़िंदगी में उनकी मौजूदगी नए सवाल और अप्रत्याशित मोड़ लेकर आएगी। जानिए उनके किरदार और कहानी के नए ट्विस्ट से जुड़ी पूरी जानकारी।

तस्वीर में अभिनेत्री छवि पांडे नीले रंग की ड्रेस पहने हुए दिखाई दे रही हैं।
मुंबई, जुलाई, 2026: सोनी सब का शो 'यादें' अपने दर्शकों का मनोरंजन हँसी, भावनाओं और हल्के-फुल्के मेडिकल रहस्यों के अनोखे मेल से कर रहा है। इसी बीच शो की कहानी में एक नया मोड़ आने जा रहा है, जहां डॉ. देव मेहता (इक़बाल खान) अपनी निजी भावनाओं और पेशेवर जिम्मेदारियों के बीच संतुलन बनाने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे समय में एक अप्रत्याशित मुलाकात उन्हें उन अधूरी भावनाओं और राज़ों का सामना करने पर मजबूर कर देती है, जिन्हें वे पीछे छोड़ चुके थे।
शो में अब अभिनेत्री छवि पांडे की एंट्री हो रही है, जो डॉ. प्रीति देशमुख का किरदार निभा रही हैं। डॉ. प्रीति एक बेहतरीन सर्जन हैं और डॉ. देवयानी देशमुख की बेटी हैं। उनकी आदतें भले ही थोड़ी भुलक्कड़ हों, वह अक्सर बातें भूल जाती हों और अपने ही ख्यालों में खोई रहती हों, लेकिन जैसे ही वह ऑपरेशन थिएटर में प्रवेश करती हैं, उनका एक अलग ही रूप सामने आता है। उनकी मज़ाकिया और चंचल शख्सियत के पीछे एक बेहद तेज़ और कुशल डॉक्टर छिपी है, जो शायद ही कभी कोई गलती करती है।
कहानी में डॉ. प्रीति, डॉ. देव को लंबे समय से सराहती रही हैं और अपने दिल में दबे जज़्बात लेकर उनकी ज़िंदगी में प्रवेश करती हैं। हालांकि, उनके आने से कई सवाल भी खड़े होते हैं। क्या वह सिर्फ अपने दिल की राह पर चली हैं, डॉ. देव का साथ देने आई हैं या फिर उनकी मौजूदगी उनके जीवन में नई चुनौतियाँ लेकर आएगी।
अपने किरदार को लेकर छवि पांडे ने कहा, “जैसे ही मैंने डॉ. प्रीति के बारे में सुना, मुझे पता था कि मैं यह किरदार निभाना चाहती हूँ। वह बेहद मज़ेदार, अनपेक्षित, लगातार बोलने वाली, सब कुछ भूल जाने वाली और फिर भी सबसे बेहतरीन डॉक्टर है। यही कॉन्ट्रास्ट उसे निभाने के लिए इतना रोमांचक बना देता है। मैं ‘यादें’ का हिस्सा बनने और इक़बाल खान के साथ स्क्रीन शेयर करने को लेकर भी बहुत उत्साहित हूँ। डॉ. प्रीति और डॉ. देव का रिश्ता दिलचस्प है और मैं चाहती हूँ कि दर्शक उनकी यात्रा को देखें। दर्शक शुरुआत में डॉ. प्रीति का एक पहलू देखेंगे, लेकिन उनकी कहानी में कई अप्रत्याशित मोड़ हैं।”
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि डॉ. प्रीति देशमुख का आगमन डॉ. देव के जीवन में नई शुरुआत लेकर आता है या फिर उनके सामने अनचाही मुश्किलें खड़ी करता है। दर्शक सोनी सब पर 'यादें' सोमवार से शनिवार रात 8 बजे देख सकते हैं।

