उत्तराखंड के सिल्कयारा टनल रेस्क्यू मिशन और इस अभियान में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर टनलिंग एक्सपर्ट तथा ऑस्ट्रेलिया के स्थानीय हीरो अर्नोल्ड डिक्स की अहम भूमिका से प्रेरित फिल्म 'सिल्कयारा 41' की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इस फिल्म का निर्माण आमिर खान प्रोडक्शंस (भारत), माइंड ब्लोइंग फिल्म्स (ऑस्ट्रेलिया) और कबीर खान फिल्म्स संयुक्त रूप से करेंगे।

फिल्म की कहानी ऑस्ट्रेलिया के चर्चित स्क्रीनराइटर एंड्रयू अनास्टासियोस, जिन्होंने 'द वॉटर डिवाइनर' लिखी है, ने तैयार की है। वहीं, फिल्म का निर्देशन पुरस्कार विजेता भारतीय फिल्ममेकर कबीर खान, जिन्होंने 'बजरंगी भाईजान' और '83' जैसी फिल्मों का निर्देशन किया है, करेंगे।

'सिल्कयारा 41' भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रचनात्मक सहयोग का एक महत्वपूर्ण उदाहरण होगी। यह परियोजना दोनों देशों की रचनात्मक क्षमता, कहानी कहने की परंपरा और प्रोडक्शन विशेषज्ञता को एक मंच पर लेकर आएगी।






फिल्म की घोषणा ऐसे समय में की गई है, जब भारत और ऑस्ट्रेलिया अपने द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा सहयोग के नए अध्याय की ओर बढ़ रहे हैं। ऐसे माहौल में 'सिल्कयारा 41' सहयोग, साझा मूल्यों और इंसानी जज्बे की मजबूत मिसाल के रूप में सामने आई है।

आमिर खान प्रोडक्शंस के संस्थापक और निर्माता आमिर खान ने कहा, "माइंड ब्लोइंग फिल्म्स और आमिर खान प्रोडक्शंस के बीच इस खास सहयोग की घोषणा करते हुए हमें बेहद खुशी हो रही है। सिल्कयारा टनल रेस्क्यू की कहानी ने मुझे गहराई से प्रभावित किया। यह मुश्किल हालात में साहस, जज्बे, सूझबूझ और इंसानियत की कहानी है। हमें खास तौर पर खुशी है कि हम इसकी घोषणा ऐसे ऐतिहासिक दिन पर कर रहे हैं, जब भारत और ऑस्ट्रेलिया अपने द्विपक्षीय रिश्तों में एक नए अध्याय की शुरुआत कर रहे हैं। यह भी खास बात है कि हमारे दोनों देश मिलकर ऐसी फिल्म बना रहे हैं, जो अंतरराष्ट्रीय सहयोग और इंसानी जज्बे की जीत की कहानी को सामने लाती है।"

'सिल्कयारा 41' की घोषणा न केवल सिल्कयारा टनल रेस्क्यू मिशन की प्रेरक कहानी को बड़े पर्दे पर लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि यह भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रचनात्मक साझेदारी और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का भी एक महत्वपूर्ण प्रतीक बनकर सामने आई है।

Updated On
Pratahkal Hub

Pratahkal Hub

प्रातःकाल हब, दै.प्रातःकाल की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा प्रातःकाल हब राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।"

Next Story