ऑफिस ऑफिस 2 में नजर आएंगी श्रुति शर्मा, निभाया है मुख्य किरदार
टीवी शो 'ऑफिस ऑफिस' के नए सीज़न में अभिनेत्री श्रुति शर्मा मुख्य भूमिका निभाएंगी, जिसका प्रसारण जल्द ही दूरदर्शन और वेव्स ओटीटी प्लेटफॉर्म पर होगा।

मुंबई में आयोजित एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान अभिनेत्री श्रुति शर्मा, जो जल्द ही दूरदर्शन और वेव्स ओटीटी पर प्रसारित होने वाले नए धारावाहिक 'ऑफिस ऑफिस सीज़न 2' में मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी।
भारतीय टेलीविज़न के सबसे लोकप्रिय और यादगार कॉमेडी शोज़ में शामिल ‘ऑफिस ऑफिस’ एक बार फिर दर्शकों के बीच वापसी करने जा रहा है। अपने तीखे व्यंग्य, सरकारी दफ्तरों की जमीनी सच्चाइयों और चर्चित किरदारों के लिए मशहूर रहे इस आइकॉनिक शो के दूसरे सीज़न में अभिनेत्री श्रुति शर्मा मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। शो की वापसी के साथ ही इसे लेकर दर्शकों में उत्साह और नॉस्टैल्जिया दोनों देखने को मिल रहा है।
‘ऑफिस ऑफिस’ का हिस्सा बनने को लेकर श्रुति शर्मा ने इसे अपने करियर का बेहद खास और भावुक अनुभव बताया। उन्होंने कहा, “ऑफिस ऑफिस से मेरी बेहद खास यादें जुड़ी हैं। स्कूल से लौटने के बाद मैं अपनी माँ के साथ खाना खाते हुए इस शो के एपिसोड्स देखा करती थी। इसी वजह से मुझे इसके सभी किरदार, उनकी अदाएँ और मशहूर डायलॉग्स आज भी याद हैं। जब मैंने इस नए सीज़न की शूटिंग शुरू की, तो पूरा अनुभव बेहद नॉस्टैल्जिक लगा। जिस शो को देखकर मैं बड़ी हुई, आज उसी शो की लीड बनना मेरे लिए किसी सपने के सच होने जैसा है।”
उन्होंने आगे कहा, “इस शो को प्राइम टाइम स्लॉट मिलना भी अपने आप में बहुत बड़ी बात है। मुझे पूरी उम्मीद है कि दर्शक इस नए सीज़न को उतना ही प्यार देंगे, जितना मैंने इसके पहले सीज़न को दिया था। जैसे इसके पुराने किरदार मेरे बचपन का हिस्सा बन गए थे, वैसे ही उम्मीद है कि मैं भी इस सीज़न के जरिए किसी बच्चे की पसंदीदा कॉमेडी किरदार बन पाऊँ।”
श्रुति शर्मा ने भारतीय टेलीविज़न पर अपने दमदार अभिनय से अलग पहचान बनाई है। उन्होंने ‘गठबंधन’ में एक सशक्त आईपीएस अधिकारी की भूमिका निभाकर लोकप्रियता हासिल की थी। इसके बाद ‘नज़र 2’, ‘नमक इश्क का’ और हाल ही में रिलीज़ हुए ‘मिट्टी’ जैसे शोज़ में अपने प्रभावशाली अभिनय से उन्होंने अपनी बहुमुखी प्रतिभा साबित की। अब तक दर्शकों ने उन्हें मुख्य रूप से गंभीर और इमोशनल किरदारों में देखा है, लेकिन ‘ऑफिस ऑफिस सीज़न 2’ उनके करियर का एक बड़ा मोड़ माना जा रहा है, जहां वह पहली बार पूरी तरह कॉमिक स्पेस में दिखाई देंगी।
प्राइम टाइम स्लॉट, पुराने शो की नॉस्टैल्जिक यादें और मौजूदा दौर के रिलेटेबल ह्यूमर के मिश्रण के साथ ‘ऑफिस ऑफिस सीज़न 2’ इस वर्ष के सबसे चर्चित टेलीविज़न शोज़ में शामिल हो चुका है। अब दर्शकों की नजर इस बात पर टिकी है कि श्रुति शर्मा नए दौर के ‘ऑफिस ऑफिस’ की मज़ेदार और अफरा-तफरी भरी दुनिया को किस अंदाज़ में पर्दे पर उतारती हैं। यह शो जल्द ही दूरदर्शन और Waves OTT पर प्रसारित किया जाएगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
