सलमान खान की फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का सिनेमाघरों तक पहुंचने का सफर चुनौतियों और अनिश्चितताओं से भरा रहा है। करीब डेढ़ साल से अधिक समय तक मुश्किलों, अटकलों और फिल्म की रिलीज को लेकर उठते सवालों के बीच आखिरकार यह फिल्म बड़े पर्दे पर दस्तक देने के लिए तैयार है। इस पूरे संघर्ष के दौरान सलमान खान का निरंतर सहयोग और टीम के प्रति उनका भरोसा सबसे बड़ी ताकत बना रहा। फिल्म के निर्देशक अपूर्व लाखिया ने इस चुनौतीपूर्ण सफर को याद करते हुए सलमान खान को टीम की सबसे बड़ी प्रेरणा बताया है।

फिल्म की रिलीज तक पहुंचने के दौरान कई बार ऐसी परिस्थितियां बनीं, जब इसके भविष्य को लेकर सवाल उठने लगे। फिल्म के अटकने और सीधे ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने जैसी अफवाहें भी सामने आईं। हालांकि, तमाम मुश्किलों के बावजूद टीम ने सिनेमाघरों में फिल्म रिलीज करने का अपना इरादा नहीं बदला।

सलमान खान के सहयोग और फिल्म के संघर्षपूर्ण सफर पर बात करते हुए निर्देशक अपूर्व लाखिया ने कहा, “'मातृभूमि' को उसकी सही मंजिल तक पहुंचाने के लिए हमें डेढ़ साल से भी ज्यादा समय से कोशिश करनी पड़ रही है। इस दौरान कई मुश्किलें आईं। ऐसी अफवाहें भी उड़ीं कि फिल्म अटक गई है या सीधे ओटीटी पर रिलीज होगी। कई बार ऐसा लगा कि मंजिल लगातार हमसे दूर होती जा रही है! लेकिन हमने कभी हार नहीं मानी। हमें विश्वास था कि यह फिल्म बड़े पर्दे पर अपने सुपरस्टार के साथ दर्शकों के सामने आने की हकदार है। इसलिए हम लगातार मेहनत करते रहे और सर के फैंस के लिए इसे बेहतरीन अनुभव बनाने की पूरी कोशिश करते रहे। इस पूरे संघर्ष ने हमें एक टीम के रूप में और भी करीब ला दिया। आज जब हम आखिरकार फिल्म को दर्शकों के सामने लाने के लिए तैयार देख रहे हैं, तो यकीन ही नहीं होता कि हमने यह सफर पूरा कर लिया है! यह वाकई कितना शानदार सफर रहा है। इस पूरे उतार-चढ़ाव के दौरान हमारी सबसे बड़ी प्रेरणा सलमान सर थे। उनका हमारे साथ मौजूद रहना ही हर मुश्किल परिस्थिति को आसान बना देता था।”

अपूर्व लाखिया के मुताबिक, इस दौरान सलमान खान की भूमिका केवल फिल्म के मुख्य अभिनेता तक सीमित नहीं रही। उनकी लगातार मौजूदगी और सहयोग ने पूरी टीम को मुश्किल परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने का भरोसा दिया। फिल्म को लेकर अनिश्चितताओं और लगातार सामने आ रही अटकलों के बावजूद टीम ने बड़े पर्दे पर इसे रिलीज करने के लक्ष्य के साथ काम जारी रखा।

अपने प्रोजेक्ट्स के प्रति दृढ़ विश्वास और प्रतिबद्धता के लिए पहचाने जाने वाले सलमान खान ने इस फिल्म के चुनौतीपूर्ण सफर में भी अपने विजन के प्रति भरोसा बनाए रखा। टीम के साथ उनका निरंतर जुड़ाव और सहयोग इस बात को रेखांकित करता है कि वह ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को वह सिनेमाई रिलीज दिलाने के पक्ष में रहे, जिसकी टीम इसे हकदार मानती है।

अपूर्व लाखिया के निर्देशन में बनी ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ का निर्माण सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले किया गया है। जियो स्टूडियोज फिल्म का ऑल इंडिया डिस्ट्रीब्यूशन कर रहा है, जबकि जी स्टूडियोज इसके ओवरसीज डिस्ट्रीब्यूशन की जिम्मेदारी संभाल रहा है। फिल्म में सलमान खान और चित्रांगदा सिंह अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। करीब डेढ़ साल की चुनौतियों के बाद फिल्म का सिनेमाघरों तक पहुंचने के लिए तैयार होना इसके पूरे सफर का अहम पड़ाव है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story