अभिनेत्री साई पल्लवी के जन्मदिन पर जानें उनके डॉक्टर से सुपरस्टार बनने की कहानी, हिट फिल्में और सादगी से जुड़े उनके कड़े सिद्धांतों के बारे में।

दक्षिण भारतीय फिल्मों की लोकप्रिय अभिनेत्री साई पल्लवी, जिन्होंने फिल्म 'प्रेमम' से प्रसिद्धि पाई और अब आगामी फिल्म 'रामायण' में सीता की भूमिका निभाएंगी।
आज अगर साउथ सिनेमा में किसी एक अभिनेत्री का नाम सबसे अलग अंदाज़, नेचुरल एक्टिंग और जबरदस्त डांस के लिए लिया जाता है, तो वो हैं Sai Pallavi। सोशल मीडिया पर उनकी हर फिल्म, हर डांस स्टेप और हर बयान वायरल हो जाता है। कभी “राउडी बेबी” के धमाकेदार डांस की वजह से, कभी “अमरन” में इमोशनल एक्टिंग के लिए, तो कभी “रामायण” में सीता के रोल को लेकर। साई पल्लवी उन गिनी-चुनी अभिनेत्रियों में हैं जिन्होंने ग्लैमर की बजाय टैलेंट और सादगी से अपनी पहचान बनाई। यही वजह है कि लोग उन्हें सिर्फ स्टार नहीं, बल्कि “रियल परफॉर्मर” मानते हैं।
9 मई 1992 को तमिलनाडु के कोयंबटूर में जन्मीं साई पल्लवी का असली नाम साई पल्लवी सेंथामरई कन्नन है। बेहद साधारण परिवार से आने वाली पल्लवी बचपन से ही पढ़ाई और डांस दोनों में तेज थीं। उन्होंने जॉर्जिया से मेडिकल की पढ़ाई पूरी की और आधिकारिक तौर पर डॉक्टर भी बनीं, लेकिन किस्मत उन्हें फिल्मों की दुनिया में ले आई। दिलचस्प बात ये है कि फिल्मों में आने से पहले वह डांस रियलिटी शोज़ में हिस्सा ले चुकी थीं। “उंगलिल यार अदुथा प्रभु देवा” और “धी” जैसे शोज़ में उनका डांस लोगों को खूब पसंद आया। उस समय शायद किसी ने नहीं सोचा था कि यही लड़की आगे चलकर साउथ सिनेमा की सबसे बड़ी फीमेल स्टार्स में शामिल होगी।
साई पल्लवी की जिंदगी का सबसे बड़ा टर्निंग पॉइंट बना 2015 की मलयालम फिल्म “प्रेमम”। मेडिकल की पढ़ाई कर रही पल्लवी ने छुट्टियों में इस फिल्म की शूटिंग की थी, लेकिन “मलार” के किरदार ने उन्हें रातोंरात सुपरस्टार बना दिया। उनकी मासूम मुस्कान, नेचुरल एक्सप्रेशन और बिना बनावटीपन वाली एक्टिंग ने लोगों का दिल जीत लिया। इसके बाद “काली”, “फिदा”, “मिडिल क्लास अब्बायी”, “मारी 2”, “लव स्टोरी”, “श्याम सिंघा रॉय”, “गार्गी”, “अमरन” और “थंडेल” जैसी फिल्मों ने उन्हें इंडस्ट्री की सबसे भरोसेमंद अभिनेत्री बना दिया। खासकर “फिदा” में उनकी तेलंगाना बोली और “गार्गी” में दमदार अभिनय को आज भी उनके करियर की बेस्ट परफॉर्मेंस माना जाता है।
अगर साई पल्लवी की बात हो और डांस का जिक्र न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता। “मारी 2” का गाना “राउडी बेबी” सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि इंटरनेट का क्रेज बन गया था। इस गाने ने यूट्यूब पर अरबों व्यूज़ हासिल कर इतिहास रच दिया। प्रभु देवा के साथ उनके डांस मूव्स आज भी सोशल मीडिया पर ट्रेंड करते हैं। यही नहीं, “सरंगा दरिया” और “प्राणावलया” जैसे गानों में भी उनके एक्सप्रेशन और ग्रेस ने लोगों को दीवाना बना दिया। साई पल्लवी उन अभिनेत्रियों में हैं जो स्क्रीन पर आते ही अलग चमक पैदा कर देती हैं।
साई पल्लवी की सबसे बड़ी खासियत ये है कि वह अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करतीं। उन्होंने करोड़ों रुपये के फेयरनेस क्रीम विज्ञापन को सिर्फ इसलिए ठुकरा दिया क्योंकि वह नेचुरल ब्यूटी को बढ़ावा देना चाहती थीं। वह अक्सर बिना भारी मेकअप के दिखाई देती हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत बन गई। हालांकि कई बार उनके बयानों को लेकर विवाद भी हुए और सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा, लेकिन हर बार उन्होंने बेहद शांत तरीके से अपनी बात रखी। हाल ही में एआई डीपफेक तस्वीरों को लेकर हुए विवाद में भी उन्होंने मजबूती से जवाब देकर लोगों का समर्थन हासिल किया।
आज साई पल्लवी सिर्फ साउथ की स्टार नहीं रहीं, बल्कि पूरे देश की चर्चित अभिनेत्री बन चुकी हैं। सात फिल्मफेयर अवॉर्ड, कई एसआईआईएमए सम्मान और फोर्ब्स की “30 अंडर 30” सूची में जगह बनाना उनकी सफलता की कहानी खुद बयां करता है। अब वह आमिर खान के बेटे जुनैद खान के साथ हिंदी फिल्म “एक दिन” में नजर आने वाली हैं, जबकि नितेश तिवारी की मेगा फिल्म “रामायण” में सीता का किरदार निभाकर वह अपने करियर के सबसे बड़े पड़ाव की ओर बढ़ रही हैं। यही वजह है कि आज हर कोई जानना चाहता है कि आखिर साई पल्लवी में ऐसा क्या है जो उन्हें बाकी सितारों से इतना अलग बनाता है।

