ज़ी टीवी के सिंगिंग रियलिटी शो ‘सा रे गा मा पा 2026’ में 16 वर्षीय प्रतिभागी गीत बागड़े अपनी गायकी के दो अलग-अलग अंदाज से दर्शकों और जजों को प्रभावित करने वाली हैं। एक ओर उनकी जोशीली प्रस्तुति स्टेज को डिस्को और लाइव कॉन्सर्ट में बदल देगी, वहीं दूसरी ओर भावनाओं से भरा उनका गायन जज नीति मोहन की आँखों में आँसू ला देगा। इस वीकेंड प्रसारित होने वाले एपिसोड में गीत अपनी गायकी, स्टेज प्रेजेंस और संगीत पर पकड़ का प्रदर्शन करेंगी।

ज़ी टीवी का ‘सा रे गा मा पा 2026’ ‘हिंदुस्तान का संगीतस्तान’ होने के अपने वादे के तहत भारतीय संगीत की समृद्ध विरासत का जश्न मनाने के साथ देशभर के प्रतिभाशाली गायकों को मंच दे रहा है। इसी कड़ी में गीत बागड़े शनिवार और रविवार के एपिसोड में अपनी प्रतिभा के अलग-अलग रंग पेश करेंगी।

शनिवार को प्रसारित होने वाले बप्पी लाहिड़ी स्पेशल एपिसोड में गीत ‘रंभा हो’ और ‘जवानी जानेमन’ गाती नजर आएँगी। संगीतकारों की पूरी टीम के साथ उनकी दमदार प्रस्तुति के दौरान जज और अन्य कंटेस्टेंट्स अपनी जगह से उठकर उनके साथ थिरकने लगेंगे। उनकी प्रस्तुति के बाद सभी उनसे दोबारा गाने की फरमाइश करेंगे। गीत की ऊर्जा और स्टेज पर पकड़ इस प्रस्तुति को लाइव कॉन्सर्ट जैसा माहौल देगी। उनकी गायकी से जज शंकर महादेवन भी मंत्रमुग्ध हो जाएँगे।

गीत की तारीफ करते हुए शंकर महादेवन शूट के दौरान कहेंगे, “कभी-कभी स्टेज पर जादू हो जाता है और आपने अभी पूरी बैंड के साथ जो किया है, वह किसी जादू से कम नहीं है। आपकी आवाज में ‘रंभा हो’ का नया वर्जन बेहद लोकप्रिय होने वाला है। जब भी आप अपना कॉन्सर्ट करें, तो हमें उसके कुछ टिकट जरूर दीजिएगा।”

इस प्रस्तुति के लिए गीत को 30 में से पूरे 30 अंक मिलेंगे। इसके साथ उन्हें गोल्डन वीणा और गोल्डन शावर भी दिया जाएगा। यह उपलब्धि शो में उनके सफर का एक यादगार पड़ाव होगी।

हालाँकि, रविवार को होने वाले ब्लाइंड फेस ऑफ चैलेंज में गीत अपनी गायकी का बिल्कुल अलग अंदाज दिखाएँगी। इस चुनौती के दौरान कंटेस्टेंट्स पर्चियां उठाकर एक-दूसरे को स्टेज पर मुकाबले के लिए चुनौती देंगे। गीत का मुकाबला अतुल के साथ होगा, जिसमें वह ‘अलविदा’ गाएँगी।

गीत की भावनात्मक प्रस्तुति इतनी प्रभावशाली होगी कि उनकी माँ की आँखों में आँसू आ जाएँगे। उनकी गायकी से जज नीति मोहन भी भावुक हो जाएँगी। वह गीत की तारीफ करते हुए कहेंगी कि महज 16 साल की उम्र में उनकी आवाज में इतनी गहराई और परिपक्वता देखना काबिलेतारीफ है। जज दोनों कंटेस्टेंट्स की प्रस्तुतियों की सराहना करेंगे। साथ ही बताएँगे कि इस तरह के मुकाबले प्रतिभागियों की वास्तविक प्रतिभा और उनमें मौजूद प्रतिस्पर्धा की भावना को सामने लाते हैं।

दो अलग-अलग तरह की प्रस्तुतियों के जरिए गीत बागड़े जोशीले और मनोरंजक गानों से लेकर भावनात्मक धुनों तक अपनी गायकी की विविधता दिखाएँगी। उनके साथ आने वाले एपिसोड्स में मीर, गीताश्री और अयान भी स्टेज पर अपनी गायकी का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, ब्लाइंड फेस ऑफ चैलेंज के दौरान भी कई दिलचस्प मुकाबले और पल देखने को मिलेंगे।

‘सा रे गा मा पा 2026’ के इन एपिसोड्स का प्रसारण इस शनिवार और रविवार रात 9:30 बजे सिर्फ ज़ी टीवी पर होगा।

Next Story