रश्मि देसाई 'सयोनी' से करेंगी TV फिक्शन पर वापसी, माया के रोल में आएंगी नजर
आठ साल के ब्रेक के बाद टीवी पर लौट रहीं रश्मि देसाई ने बताया कि सही कहानी और मजबूत किरदार की तलाश के चलते उन्होंने कई प्रोजेक्ट्स के ऑफर ठुकराए थे।

तस्वीर में अभिनेत्री रश्मि देसाई पारंपरिक लेहंगे और ज्वेलरी में पोज देती हुई।
करीब आठ साल तक टीवी फिक्शन से दूर रहने के बाद रश्मि देसाई स्टार प्लस के अपकमिंग शो ‘सयोनी’ के साथ छोटे पर्दे पर वापसी करने जा रही हैं। हालांकि, अभिनेत्री का यह लंबा ब्रेक काम की कमी की वजह से नहीं था। रश्मि ने बताया कि इन वर्षों में उन्हें कई ऑफर्स मिले, लेकिन उन्होंने उन्हें ठुकरा दिया, क्योंकि वे ऐसे किरदार और कहानी की तलाश में थीं, जिससे वह दिल से जुड़ सकें। आखिरकार ‘सयोनी’ और इसमें उनके किरदार माया के साथ उनकी यह तलाश पूरी हुई।
अपने टीवी करियर में कई यादगार किरदार निभा चुकीं रश्मि देसाई का मानना है कि उनके लिए सिर्फ स्क्रीन पर नजर आना पर्याप्त नहीं है। ‘सयोनी’ की कहानी और उसमें अपने किरदार माया को लेकर उन्हें जो खास बात महसूस हुई, वही उन्हें इस शो की ओर लेकर आई। अभिनेत्री के मुताबिक, माया कोई काल्पनिक या बनाई हुई शख्सियत नहीं, बल्कि एक बेहद प्रैक्टिकल और वास्तविक किरदार है।
अपनी टीवी वापसी को लेकर रश्मि देसाई ने कहा, “माया सिर्फ एक किरदार या कल्पना नहीं है। ‘सयोनी’ में मैं एक बहुत ही प्रैक्टिकल किरदार निभाने जा रही हूँ। एक कलाकार के तौर पर मैं इस बात से इनकार नहीं करुँगी कि मुझे कई ऑफर्स मिले, लेकिन मैंने उन्हें इसलिए मना कर दिया, क्योंकि जो कहानियाँ और किरदार मेरे पास आ रहे थे, उनसे मैं खुद को जोड़ नहीं पा रही थी। हर कलाकार चाहता है कि उसे एक खूबसूरती से लिखा हुआ किरदार निभाने का मौका मिले। मैं टीवी पर वापसी करने के लिए वापसी नहीं करना चाहती थी, मैं एक मकसद की तलाश में थी। एक कलाकार के तौर पर हमारे पास कई मौके आते हैं, लेकिन सिर्फ स्क्रीन पर नजर आना, काम करना और पैसे कमाना ही जरूरी नहीं है। आपको ऐसा कुछ करना चाहिए, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखें और मैं भी अपने काम के लिए जानी जाती हूँ। ‘सयोनी’ में वह स्पार्क है। मुझे लगता है कि इस शो की कहानी इसके कलाकारों से भी कहीं बड़ी है।”
‘सयोनी’ में रश्मि देसाई के साथ जाह्नवी सोनी और गौतम सिंह विग भी नजर आएँगे। यह शो 23 सितंबर से शाम 7:30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर प्रसारित होगा। करीब आठ साल के अंतराल के बाद रश्मि की टीवी फिक्शन में वापसी और ‘सयोनी’ में माया का उनका किरदार इस शो की कहानी का अहम हिस्सा होगा।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
