कांतारा विवाद पर चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे रणवीर सिंह ; हाईकोर्ट के आदेश पर किया प्रायश्चित
कांतारा मिमिक्री विवाद के बाद रणवीर सिंह ने कर्नाटक हाईकोर्ट के आदेश पर मैसूर के चामुंडेश्वरी मंदिर में विशेष पूजा की। IFFI 2025 में दैवा परंपरा की नकल पर विवाद खड़ा हुआ था, जिसके बाद अभिनेता के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई और उन्होंने अदालत में बिना शर्त माफी मांगी।

चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे रणवीर सिंह
बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह मंगलवार सुबह कर्नाटक के मैसूर स्थित प्रसिद्ध चामुंडेश्वरी मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विशेष पूजा-अर्चना कर देवी चामुंडेश्वरी के दर्शन किए। यह दौरा कर्नाटक हाईकोर्ट के उस निर्देश के बाद हुआ, जिसमें अभिनेता को ‘कांतारा’ मिमिक्री विवाद मामले में चार सप्ताह के भीतर मंदिर जाकर प्रार्थना करने को कहा गया था। रणवीर सिंह ने पूरे दौरे को बेहद गोपनीय रखा और मीडिया से दूरी बनाए रखी।
यह विवाद 2025 में गोवा में आयोजित 56वें इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (IFFI) के समापन समारोह से शुरू हुआ था। कार्यक्रम के दौरान रणवीर सिंह ने कन्नड़ अभिनेता-निर्देशक ऋषब शेट्टी और उनकी फिल्म ‘कांतारा: चैप्टर 1’ की तारीफ करते हुए फिल्म के दैवा आवेश वाले दृश्य की नकल की थी। इसके बाद कर्नाटक के कई संगठनों और कन्नड़ समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि अभिनेता ने तटीय कर्नाटक की पवित्र ‘भूता कोला’ और ‘दैवा’ परंपरा का मजाक उड़ाया है। विवाद तब और बढ़ गया जब यह दावा किया गया कि रणवीर ने दैवा को “फीमेल घोस्ट” कहा था।
मामले में बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस स्टेशन में रणवीर सिंह के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने, धार्मिक मान्यताओं का अपमान करने और समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने से जुड़े आरोपों में एफआईआर दर्ज की गई। इसके बाद अभिनेता ने एफआईआर रद्द करने के लिए कर्नाटक हाईकोर्ट का रुख किया। सुनवाई के दौरान न्यायमूर्ति एम. नागप्रसन्ना ने अभिनेता की टिप्पणियों को “लापरवाह और असंवेदनशील” बताते हुए कहा था कि सार्वजनिक हस्तियों को धार्मिक और सांस्कृतिक विषयों पर बोलते समय सावधानी बरतनी चाहिए।
अप्रैल 2026 में रणवीर सिंह ने अदालत में संशोधित हलफनामा दाखिल कर बिना शर्त माफी मांगी। उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था और वह सभी संस्कृतियों और परंपराओं का सम्मान करते हैं। अदालत ने उनकी माफी स्वीकार करते हुए मामले को समाप्त करने के संकेत दिए, लेकिन साथ ही उन्हें चामुंडेश्वरी मंदिर जाकर पूजा करने का निर्देश दिया।
मंगलवार को रणवीर सिंह ने अदालत के आदेश का पालन करते हुए सुबह-सुबह मंदिर पहुंचकर विशेष पूजा की। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अभिनेता ने पहचान छिपाने के लिए मास्क पहना हुआ था और वह आम श्रद्धालु की तरह मंदिर पहुंचे। बाद में उन्होंने गर्भगृह में प्रवेश कर देवी के दर्शन किए। पूरी यात्रा के दौरान उन्होंने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की।
विवाद बढ़ने के बाद रणवीर सिंह ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर भी माफी मांगी थी। उन्होंने लिखा था कि उनका उद्देश्य केवल ऋषभ शेट्टी के शानदार अभिनय की सराहना करना था। अभिनेता ने कहा कि यदि उनकी किसी बात से लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं तो वह ईमानदारी से माफी मांगते हैं। वहीं, बाद में ऋषभ शेट्टी ने भी कहा था कि दैवा परंपरा उनके लिए बेहद पवित्र और भावनात्मक विषय है, इसलिए इसकी मंच पर नकल या मजाक नहीं किया जाना चाहिए।
रणवीर सिंह का यह दौरा ऐसे समय हुआ है जब वह ‘डॉन 3’ विवाद को लेकर भी चर्चा में हैं। हाल ही में फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज (FWICE) ने फिल्म से उनके कथित बाहर होने पर गैर-सहयोग निर्देश जारी किया था। रिपोर्ट्स के अनुसार, निर्माता Farhan Akhtar ने दावा किया कि अभिनेता के अचानक हटने से प्रोजेक्ट को आर्थिक नुकसान हुआ।

Manyaa Chaudhary
यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।
