नागपुर पहुंचे रणवीर ने RSS संस्थापक को दी श्रद्धांजलि ; क्या धुरंधर अब करेंगे राजनीती में एंट्री?
रणवीर सिंह ने नागपुर में RSS मुख्यालय पहुंचकर मोहन भागवत से मुलाकात की और संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार को श्रद्धांजलि दी। ‘धुरंधर: द रिवेंज’ की रिकॉर्ड सफलता के बीच हुए इस गोपनीय दौरे ने राजनीतिक और सामाजिक हलकों में नई बहस को जन्म दे दिया है।

अभिनेता रणवीर सिंह
मुंबई से नागपुर तक का एक अचानक और शांत दौरा, लेकिन इसके राजनीतिक और सामाजिक मायने कहीं अधिक गहरे हैं। बॉलीवुड अभिनेता रणवीर सिंह का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) मुख्यालय पहुंचना इस समय देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है। फिल्म Dhurandhar: The Revenge की अभूतपूर्व सफलता के बीच हुआ यह दौरा कई सवाल और अटकलें पैदा कर रहा है।
जानकारी के अनुसार, रणवीर सिंह हाल ही में नागपुर स्थित RSS मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने संघ प्रमुख मोहन भगवत से करीब 30 मिनट तक मुलाकात की। इस मुलाकात को औपचारिक रूप से ‘शिष्टाचार भेंट’ बताया जा रहा है। इसके अलावा, उन्होंने RSS के संस्थापक केशव बलिराम हेडगेवार के स्मृति स्थल ‘हेडगेवार स्मृति मंदिर’ में जाकर श्रद्धांजलि भी अर्पित की।
गौरतलब है कि केशव बलिराम हेडगेवार, जिन्हें ‘डॉक्टरजी’ के नाम से भी जाना जाता है, एक भारतीय चिकित्सक और राष्ट्रवादी विचारक थे, जिन्होंने वर्ष 1925 में नागपुर में RSS की स्थापना की थी। उनका उद्देश्य एक संगठित और सांस्कृतिक रूप से सशक्त समाज का निर्माण करना था, जिसकी छाप आज भी देश के सामाजिक-राजनीतिक परिदृश्य में देखी जाती है।
रणवीर सिंह का यह दौरा पूरी तरह से गोपनीय और सीमित दायरे में रखा गया। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने मुंबई से चार्टर्ड फ्लाइट के जरिए नागपुर की यात्रा की और उसी दिन वापस लौट गए। इस दौरान उन्होंने RSS के कई वरिष्ठ सदस्यों से भी बातचीत की, हालांकि इस पूरी यात्रा के उद्देश्य को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है, जब रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर और उसकी सीक्वल धुरंधर: द रिवेंज बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन कर रही हैं। वर्ष 2025 में रिलीज़ हुई पहली फिल्म, निर्देशक आदित्य धर के निर्देशन में बनी एक हाई-ऑक्टेन स्पाई एक्शन थ्रिलर थी, जिसमें एक अंडरकवर भारतीय खुफिया एजेंट की कहानी दिखाई गई थी, जो कराची के आपराधिक और राजनीतिक तंत्र में घुसपैठ कर आतंकवादी नेटवर्क को खत्म करने की कोशिश करता है।
इसके सीक्वल धुरंधर: द रिवेंज ने इस कहानी को और आगे बढ़ाते हुए 26/11 हमलों का बदला लेने और बड़े खतरों का सामना करने की कहानी को केंद्र में रखा। फिल्म ने वैश्विक स्तर पर ₹1,671.62 करोड़ की जबरदस्त कमाई की, जिसमें भारत में ₹1,263.62 करोड़ और विदेशों में ₹408 करोड़ का योगदान शामिल है, जबकि नेट कलेक्शन ₹1,055.42 करोड़ दर्ज किया गया। यह फिल्म 4,05,813 शोज़ में प्रदर्शित हुई, जो इसकी लोकप्रियता का स्पष्ट प्रमाण है।
रणवीर सिंह का RSS मुख्यालय दौरा ऐसे समय में हुआ है, जब उनकी लोकप्रियता अपने चरम पर है। एक ओर यह मुलाकात औपचारिक बताई जा रही है, वहीं दूसरी ओर इसके राजनीतिक और सामाजिक निहितार्थों को लेकर बहस तेज हो गई है। बिना किसी आधिकारिक स्पष्टीकरण के यह दौरा रहस्य और जिज्ञासा दोनों को जन्म दे रहा है, जिससे यह घटना सिर्फ एक शिष्टाचार भेंट न रहकर राष्ट्रीय चर्चा का केंद्र बन गई है।

Manyaa Chaudhary
यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।
