रणबीर कपूर के जन्मदिन पर 'रामायणम्' का BTS वीडियो जारी, दिखा राम अवतार
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायणम्' के मेकिंग वीडियो में रणबीर कपूर के ट्रांसफॉर्मेशन और एक्शन ट्रेनिंग की झलक सामने आई।

रणबीर कपूर के जन्मदिन के मौके पर ‘रामायणम्’ के मेकर्स ने खास BTS वीडियो जारी किया है, जिसमें वह भगवान राम के किरदार में नजर आ रहे हैं। इस झलक में भारतीय पौराणिक कथाओं के सबसे पूजनीय किरदारों में से एक भगवान राम के लिए रणबीर कपूर की तैयारी और ट्रांसफॉर्मेशन की झलक देखने को मिलती है।
डायरेक्टर नितेश तिवारी ने सामने आए BTS वीडियो में कहा कि ‘रामायणम्’ जैसे महाकाव्य से करोड़ों भक्तों की भावनाएं जुड़ी हुई हैं। इसी वजह से फिल्म के लिए सही कलाकारों को कास्ट करना बेहद जरूरी था। फिल्म में भगवान राम का किरदार निभा रहे रणबीर कपूर ने भी अपने किरदार को लेकर बात की। रणबीर ने बताया कि उन्होंने इस प्रोजेक्ट को किसी दूसरी फिल्म या किरदार की तरह नहीं लिया, बल्कि एक पूजनीय किरदार को पूरी जिम्मेदारी और न्याय के साथ निभाने के नजरिए से देखा है।
सामने आई इस झलक में रणबीर कपूर के को-स्टार्स भी नजर आते हैं। दशरथ का किरदार निभा रहे अरुण गोविल, सीता बनीं साई पल्लवी और लक्ष्मण का किरदार निभा रहे रवि दुबे बताते नजर आते हैं कि रणबीर की कौन-सी खूबियां उन्हें भगवान राम के किरदार के लिए बिल्कुल सही बनाती हैं। वीडियो में कलाकारों के लुक्स में बदलाव, सीन्स की शूटिंग और फिल्म के लिए की जा रही अन्य तैयारियों की भी झलक दिखाई गई है। इस BTS के जरिए दर्शकों को महाकाव्य की मेकिंग से रूबरू होने का मौका मिला है।
BTS वीडियो में प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा के बड़े विजन की भी झलक मिलती है। ‘रामायणम्’ की दुनिया को आकार देने के लिए फिल्ममेकर ने ईस्ट और वेस्ट दोनों जगहों के शानदार टैलेंट को एक छत के नीचे लाया है, ताकि महाकाव्य की दुनिया को बड़े पैमाने पर बनाया जा सके।
फिल्म के इंटरनेशनल टैलेंट में एक्शन डायरेक्टर टेरी नोटरी भी शामिल हैं। उन्होंने ‘रामायणम्’ के बारीकी से किए जाने वाले हर एक्शन सीन के लिए रणबीर कपूर को स्पेशल ट्रेनिंग दी है। ‘रामायणम्’ की सांस्कृतिक भावनाओं को सामने लाने के साथ यह BTS प्रोजेक्ट की इंटरनेशनल लेवल की मौजूदगी की भी झलक देता है। इसमें दुनियाभर के जाने-माने एक्शन और स्टंट प्रोफेशनल्स अपनी एक्सपर्टीज के साथ फिल्म के किरदारों और एक्शन सीन्स को जीवंत करने में योगदान दे रहे हैं।
रणबीर कपूर को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए मेकर्स ने उनके बर्थडे पर यह खास BTS झलक साझा की है। ‘रामायणम्’ को लेकर हर नए अपडेट के साथ फैंस की उत्सुकता लगातार बढ़ रही है। मेकर्स की ओर से जारी किया गया यह नया BTS वीडियो इसी कड़ी में सामने आया है। हाल ही में रिलीज हुए ट्रेलर को भी दर्शकों का जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला है, जिससे इस दो-पार्ट वाली महाकाव्य फिल्म के बड़े पैमाने और इसकी शानदार स्टारकास्ट को लेकर चर्चा और तेज हो गई है।
दुनिया द्वारा सबसे ज्यादा पूजे जाने वाले महाकाव्यों में से एक ‘रामायणम्’ को बड़े पर्दे पर लाया जा रहा है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता, रॉकिंग स्टार यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण के किरदार में नजर आएंगे।
नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी ‘रामायणम्’ को नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने 8 बार ऑस्कर जीत चुके डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर बनाया है। यह फिल्म दो पार्ट में रिलीज होगी। भारत को छोड़कर दुनियाभर में फिल्म को सोनी पिक्चर्स रिलीज करेगी, जबकि हिंदी भाषी मार्केट में धर्मा प्रोडक्शंस इसके डिस्ट्रीब्यूटर हैं। फिल्म दुनियाभर में आईमैक्स में रिलीज होगी। इसका पहला पार्ट दिवाली 2026 और दूसरा पार्ट दिवाली 2027 में आएगा। भारत में फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में रिलीज होगी।

Pratahkal Bureau
प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
