FTII अध्यक्ष आर माधवन ने CJP प्रदर्शन पर तोड़ी चुप्पी, छात्रों को दिया भरोसा
FTII अध्यक्ष आर माधवन ने CJP के NEET पेपर लीक विरोध प्रदर्शन पर पहली बार प्रतिक्रिया दी। आलोचनाओं के बाद उन्होंने छात्रों को भरोसा दिलाया, जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने की बात कही।

तस्वीर में अभिनेता आर माधवन एक सफेद दीवार के सामने खड़े नजर आ रहे हैं।
NEET पेपर लीक के कथित मामले को लेकर Cockroach Janta Party (CJP) का एक महीने से जारी प्रदर्शन लगातार चर्चा में बना हुआ है। इस बीच कई सेलेब्स से उनकी चुप्पी को लेकर सवाल पूछे गए। फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) के छात्रों ने भी चेयरमैन और अभिनेता आर. माधवन की खामोशी पर तंज कसा था। आलोचनाओं के बाद अब आर माधवन ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
अभिनेता आर माधवन ने एक लंबा नोट साझा करते हुए छात्रों से उम्मीद नहीं खोने की अपील की है। उन्होंने कहा कि वह छात्रों की चिंता और निराशा को समझते हैं। साथ ही उन्होंने कथित NEET पेपर लीक विवाद के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और भरोसा जताया कि सरकार व्यवस्था को मजबूत करने के लिए जरूरी कदम उठाएगी।
आर माधवन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर बयान जारी करते हुए लिखा, "शिक्षा हमारे देश के भविष्य को आकार देने की शक्ति रखती है और हर छात्र एक ऐसी व्यवस्था का हकदार है जो निष्पक्ष, पारदर्शी और योग्यता पर आधारित हो। भारत के युवाओं की असीम क्षमता में हमेशा विश्वास रखने वाले व्यक्ति के रूप में, मैं आज कई छात्रों और अभिभावकों द्वारा महसूस की जा रही चिंता और निराशा को साझा करता हूं।"
उन्होंने आगे लिखा, "मैं सरकार से आग्रह करता हूं कि इस घटना में जिम्मेदार पाए जाने वाले प्रत्येक व्यक्ति को जल्द और निर्णायक रूप से न्याय के दायरे में लाया जाए। परिणाम इतने मजबूत और स्पष्ट होने चाहिए कि भविष्य में कोई भी हमारे युवाओं के भविष्य को खतरे में डालने की हिम्मत न करे। इस घटना से जुड़ी पिछली चूकों को स्वीकार किए जाने के बाद, मुझे विश्वास है कि हमारी सरकार जरूरी सुधारात्मक कदम उठाएगी, व्यवस्था को मजबूत करेगी और आने वाली पीढ़ियों के लिए शिक्षा की अखंडता को सुरक्षित रखेगी।"
अभिनेता ने युवाओं से परेशान नहीं होने की अपील करते हुए कहा, "आज जो भी युवा चिंतित या निराश महसूस कर रहे हैं, उनसे मेरी अपील है कि वे विश्वास न खोएं। आपकी प्रतिभा, मेहनत और चरित्र किसी भी व्यवस्था की कमियों से कहीं अधिक बड़े हैं। मेहनत करते रहें, खुद पर विश्वास रखें और कभी भी अस्थायी बाधाओं को अपने भविष्य को परिभाषित न करने दें।"
CJP प्रदर्शन के बीच आर माधवन की प्रतिक्रिया ऐसे समय आई है जब कई सेलेब्स ने छात्रों के समर्थन में अपनी आवाज उठाई है और कुछ प्रदर्शन में भी नजर आए हैं।
आर माधवन की यह प्रतिक्रिया उस वायरल इंस्टाग्राम तस्वीर के बाद आई जिसमें FTII में उनके केबिन के दरवाजे की तस्वीर साझा की गई थी। दरवाजे पर मशहूर 'Gayab' मीम वाला पोस्टर लगा था, जिसके साथ "NEET for sale" लिखा हुआ था। इसके बाद कई लोगों ने कमेंट कर आर माधवन से प्रदर्शन को लेकर प्रतिक्रिया देने की मांग की थी। लोगों का कहना था कि वह एक बड़े संस्थान के चेयरमैन होने के साथ-साथ सार्वजनिक व्यक्तित्व भी हैं।
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने आर माधवन को लेकर आलोचनात्मक टिप्पणियां कीं। एक यूजर ने लिखा, "He is reading Dhurandhar 3 script," वहीं दूसरे ने लिखा, "@actormaddy shame on you." एक अन्य यूजर ने लिखा, "Boycott him and his family. Stop associating with them. @vedaantmadhavan is his son. Call his father out whenever you see him."
आर माधवन के बयान के बाद NEET पेपर लीक मामले और CJP के प्रदर्शन को लेकर जारी बहस के बीच छात्रों की चिंताओं और शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता पर चर्चा फिर तेज हो गई है।

Pratahkal Newsroom
प्रातःकाल न्यूज़-रूम, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, समयबद्ध और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा न्यूज़-रूम राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।
