‘तेरा यार हूं मैं’ के बाद फिर साथ आए अरिजीत, रोचक, कुमार और लव रंजन, ‘पुराने दिन’ रिलीज

‘तेरा यार हूं मैं’ के बाद अरिजीत सिंह, रोचक कोहली, कुमार और लव रंजन की टीम एक बार फिर साथ आई है। फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ के लिए तैयार किया गया गाना ‘पुराने दिन’ रिलीज हो गया है। फ्रेंडशिप एंथम चार्टबस्टर ‘तेरा यार हूं मैं’ कई साल बाद भी लिस्नर्स के बीच लोकप्रिय है और लाखों व्यूज व स्ट्रीम हासिल कर चुका है।

‘तेरा यार हूं मैं’ को आकार देने वाली अरिजीत सिंह, रोचक कोहली, कुमार और लव रंजन की टीम ने अब ‘पहला प्यार दूसरी बार’ के ‘पुराने दिन’ के लिए फिर साथ काम किया है। जहां ‘तेरा यार हूं मैं’ दोस्ती के मजबूत बंधन को सामने लाता है, वहीं ‘पुराने दिन’ दोस्ती से जुड़ी यादों और जवानी के प्यार के खूबसूरत पलों को दर्शाता है।

गाने में जवानी के प्यार का एहसास, क्लासरूम में छिपकर एक-दूसरे को देखना, बिना बोले दिल की बात समझना और हर दिन अपने क्रश को देखने की एक्साइटमेंट को दिखाया गया है। ‘पुराने दिन’ में दोस्ती, फीलिंग्स और लव स्टोरी की शुरुआती दौर की भावनाओं को कहानी के साथ जोड़ा गया है।

‘पुराने दिन’ को रोचक कोहली ने कंपोज किया है और अरिजीत सिंह ने अपनी आवाज दी है। कुमार ने इसके बोल लिखे हैं। गाने का कोमल और दिल को छू लेने वाला म्यूजिक नए प्यार की मासूमियत और गर्माहट को सामने रखता है। गाने के जरिए छह लीड किरदारों तुषार छिब्बर, सरगुन कौर लूथरा, कुणाल वैद, साक्षी वैद्या, स्पर्श वालिया और अलीशा चोपड़ा की कहानी में एक भावनात्मक परत जुड़ती है। गाने में सभी किरदार दोस्ती से लेकर फीलिंग्स और अपनी लव स्टोरी के शुरुआती दौर से गुजरते नजर आते हैं।

कंपोजर रोचक कोहली ने कहा, “‘तेरा यार हूं मैं’ को आज भी जिस तरह का प्यार मिल रहा है, उसके लिए मैं दिल से आभारी हूं। ‘पुराने दिन’ के साथ मुझे लव रंजन, अरिजीत और कुमार के साथ फिर से काम करने और एक ऐसी फीलिंग को एक्सप्लोर करने की खुशी है, जो उतनी ही खास और हर किसी से जुड़ी है- पहले प्यार की मासूमियत। हमने ऐसा गाना बनाने की कोशिश की है, जो सुनने में जाना-पहचाना लगे, लेकिन फिर भी नया एहसास दे। मुझे उम्मीद है कि ‘पुराने दिन’ भी वही जादू दोबारा क्रिएट कर पाएगा और आने वाले सालों तक लोगों के दिलों से जुड़ा रहेगा।”

लिरिसिस्ट कुमार ने कहा, “‘तेरा यार हूं मैं’ और ‘पुराने दिन’ दोनों ही एक जैसे इमोशनल स्पेस से आते हैं- दोस्ती और बड़े होते हुए हमारे साथ जुड़ने वाली यादों से। ‘पुराने दिन’ के जरिए मैं कॉलेज लाइफ की उस मासूमियत को दिखाना चाहता था, जब दोस्ती, पहला क्रश और छोटी-छोटी बातें भी बहुत खास लगती थीं। मेरा मकसद उस दौर के बारे में लिखना था, जिसे शायद हम पीछे छोड़ आए हैं, लेकिन उसकी फीलिंग्स आज भी हमारे साथ हैं। मुझे उम्मीद है कि इन गानों के बोल लोगों को वो एहसास फिर से दिलाएंगे, जब हम यंग थे, हमारे दोस्त हमारे साथ थे और हम सब मिलकर उन पहली फीलिंग्स को महसूस कर रहे थे।”

‘पुराने दिन’ गाना टी-सीरीज म्यूजिक पर अवैलेबल है। लव फिल्म्स द्वारा प्रेजेंटेड फिल्म ‘पहला प्यार दूसरी बार’ का डायरेक्शन अनुज सैनी ने किया है। इसे लव रंजन और अंकुर गर्ग ने प्रोड्यूस किया है। फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को दुनिया भर के थिएटर्स में रिलीज होने के लिए तैयार है।

Pratahkal Bureau

Pratahkal Bureau

प्रातःकाल ब्यूरो, प्रातःकाल न्यूज़ की वह समर्पित संपादकीय टीम है, जो सटीक, सामयिक और निष्पक्ष समाचार पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा ब्यूरो राजनीति, समाज, अर्थव्यवस्था और राष्ट्रीय मामलों में सत्यापित रिपोर्टिंग, गहन विश्लेषण और जिम्मेदार पत्रकारिता पर अपना ध्यान केंद्रित करता है।

Next Story