6 दिन बाद नहर में मिला पंजाबी सिंगर इंदर कौर का शव ; पुलिस जांच में सामने आए बड़े खुलासे
पंजाबी गायिका इंदर कौर उर्फ यशिंदर कौर का शव लुधियाना की नीलों नहर से बरामद होने के बाद पंजाब में सनसनी फैल गई। छह दिन से लापता सिंगर के मामले में परिवार ने कनाडा-आधारित सुखविंदर सिंह पर अपहरण और हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच तेज कर दी है।

दिवंगत पंजाबी गायिका इंदर कौर
पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री उस वक्त सन्न रह गई जब मशहूर पंजाबी गायिका इंदर कौर उर्फ यशिंदर कौर का शव लुधियाना की नीलों नहर से बरामद किया गया। 29 वर्षीय गायिका पिछले छह दिनों से लापता थीं और अब उनकी मौत ने पूरे पंजाब में सनसनी फैला दी है। शुरुआती जांच में मामला अपहरण और हत्या से जुड़ा माना जा रहा है, जबकि परिवार ने कनाडा में रहने वाले एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, इंदर कौर 13 मई की शाम करीब 6:30 बजे अपने घर से घरेलू सामान खरीदने के लिए निकली थीं। इसके बाद वह वापस नहीं लौटीं। परिवार ने कई बार फोन पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन उनका मोबाइल लगातार बंद मिला। देर रात तक कोई सुराग न मिलने पर परिजनों ने खुद तलाश शुरू की, लेकिन जब कोई जानकारी नहीं मिली तो पुलिस में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई।
मंगलवार सुबह मामले ने भयावह मोड़ ले लिया, जब लुधियाना के कूबा गांव के पास नीलों नहर से एक महिला का शव बरामद हुआ। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर समराला सिविल अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बाद में परिवार ने शव की पहचान पंजाबी गायिका यशिंदर कौर उर्फ इंदर कौर के रूप में की।
परिवार का आरोप है कि इस पूरी साजिश के पीछे मोगा का रहने वाला कनाडा-आधारित सुखविंदर सिंह उर्फ सुखा है। परिजनों के मुताबिक, सुखविंदर सिंह पहले से शादीशुदा था और उसके बच्चे भी हैं, लेकिन इसके बावजूद वह इंदर कौर पर शादी का दबाव बना रहा था। परिवार ने दावा किया कि गायिका ने कई बार शादी से इनकार किया, जिसके बाद आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें अगवा कर लिया।
इंदर कौर के भाई ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरोपी और उसके सहयोगियों ने कथित तौर पर मुंडियां कलां के जीटीबी नगर इलाके से गायिका का बंदूक की नोक पर अपहरण किया था। इस खुलासे के बाद पुलिस ने मामले को गंभीर आपराधिक साजिश मानते हुए जांच तेज कर दी है।
जमालपुर थाना के एसएचओ सब इंस्पेक्टर दलवीर सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि इंदर कौर और सुखविंदर सिंह पहले रिश्ते में थे, लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए थे। पुलिस को शक है कि शादी से इनकार करने के बाद ही यह कथित अपहरण और हत्या की वारदात हुई।
जांच के दौरान पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि सुखविंदर सिंह 29 अप्रैल को नेपाल के रास्ते भारत आया था और 13 मई, यानी जिस दिन इंदर कौर लापता हुईं, उसी दिन वह नेपाल के रास्ते वापस कनाडा लौट गया। इस खुलासे के बाद पुलिस ने सुखविंदर सिंह, उसके पिता प्रीतम सिंह और मोगा के भलूर गांव निवासी उसके सहयोगी करमजीत सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
इंदर कौर पंजाब की उभरती हुई गायिकाओं में गिनी जाती थीं और अपने गीतों व लाइव परफॉर्मेंस के जरिए उन्होंने क्षेत्रीय स्तर पर मजबूत पहचान बनाई थी। उनकी अचानक हुई मौत ने न सिर्फ पंजाबी संगीत जगत को झकझोर दिया है, बल्कि महिलाओं की सुरक्षा और मनोरंजन उद्योग में बढ़ते अपराधों को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब पूरे मामले पर पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Manyaa Chaudhary
यह 'प्रातःकाल' में एसोसिएट एडिटर के पद पर हैं। और पिछले दो वर्षों से इन्हें रिपोर्टिंग और इवेंट मैनेजमेंट का अनुभव है। इससे पहले इन्होंने 'स्वदेश न्यूज़ चैनल' में बतौर ट्रेनी रिपोर्टर काम किया है। ये विशेष रूप में मनोरंजन, स्पोर्ट्स, और क्राइम रिपोर्टिंग क्षेत्र में समर्थ हैं। अभी यह जर्नलिज्म की पढाई कर रही हैं।
