ग्लोबल अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा जोनस को लॉस एंजिल्स में परिवार के साथ दिवाली मनाने के बाद सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है। अभिनेत्री ने अपने दिवाली सेलिब्रेशन की कई तस्वीरें साझा की थीं। इनमें उनका पारंपरिक भारतीय परिधान, घर की सजावट और परिवार के साथ त्योहार मनाने की झलक दिखाई दी। हालांकि, तस्वीरों में नजर आए एक खाद्य पदार्थ और मोमबत्ती को लेकर सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई।

प्रियंका चोपड़ा ने लॉस एंजिल्स स्थित अपने घर पर पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी के साथ दीपावली मनाई। इस अवसर पर उन्होंने पारंपरिक परिधान में तस्वीरें साझा कीं। तस्वीरों में दिवाली की सजावट और खाने की झलक भी शामिल थी। शुरुआत में उनके भारतीय अंदाज की तारीफ हुई, लेकिन एक तस्वीर सामने आने के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनकी आलोचना शुरू कर दी।

दरअसल, एक तस्वीर में प्रियंका चोपड़ा के हाथ में फ्राइड प्रॉन (झींगा) जैसा दिखाई देने वाला नॉनवेज खाद्य पदार्थ नजर आया। इसके बाद दिवाली के दिन मांसाहारी भोजन करने को लेकर यूजर्स ने सवाल उठाए। कई लोगों ने त्योहार के दौरान खानपान की परंपराओं का हवाला देते हुए अभिनेत्री की आलोचना की।

दिवाली पर नॉनवेज खाने को लेकर यूजर्स ने उठाए सवाल

प्रियंका की तस्वीरों पर प्रतिक्रिया देते हुए कई सोशल मीडिया यूजर्स ने उनके पुराने बयानों का भी जिक्र किया। उन्होंने याद दिलाया कि अभिनेत्री पहले दिवाली पर पटाखे नहीं चलाने की अपील कर चुकी हैं। कुछ यूजर्स ने इस पर तंज कसते हुए सवाल किया कि अस्थमा से जुड़ी चिंता केवल दिवाली के दौरान ही क्यों याद आती है।

एक यूजर ने कमेंट सेक्शन में लिखा, 'दीपावली में नॉनवेज।' वहीं, दूसरे यूजर ने लिखा, 'दीपावली पर कोई नॉनवेज कैसे खा सकता है और कैंडल क्यों, दीये क्यों नहीं।' इस तरह तस्वीरों में दिखाई दिए खाने और मोमबत्ती को लेकर भी लोगों ने अपनी प्रतिक्रियाएं दीं।

विदेश में भारतीय परंपराओं को देती रही हैं जगह

प्रियंका चोपड़ा विदेश में रहने के बावजूद भारतीय रीति-रिवाजों और त्योहारों को अपनी पारिवारिक जिंदगी का हिस्सा बनाए रखने की बात कहती रही हैं। वह पति निक जोनस और बेटी मालती मैरी के साथ भारतीय त्योहार मनाती हैं। दिवाली के मौके पर साझा की गई तस्वीरों में भी उन्होंने पारंपरिक परिधान और सजावट के जरिए भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई थी।

फिल्म 'वाराणसी' से भारतीय सिनेमा में वापसी

काम की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा निर्देशक एस.एस. राजामौली की आगामी मेगा-बजट फिल्म 'वाराणसी' के जरिए भारतीय सिनेमा में वापसी कर रही हैं। फिल्म में वह मंदाकिनी की भूमिका निभाती नजर आएंगी। इसमें एक्शन, टाइम ट्रैवल और एक विशेष डांस नंबर देखने को मिलेगा।

फिल्म में महेश बाबू रुद्र और पृथ्वीराज सुकुमारन खलनायक कुंभ की भूमिका में दिखाई देंगे। कहानी अंटार्कटिका, अफ्रीका और वाराणसी सहित अलग-अलग स्थानों और कालखंडों से होकर गुजरती है।

निक जोनस ने ऐसे शुरू की थी प्रियंका से बातचीत

प्रियंका चोपड़ा और निक जोनस की प्रेम कहानी की शुरुआत भी चर्चा में रही है। निक ने 'जोनस ब्रदर्स' के पॉडकास्ट में बताया था कि उनके भाई केविन जोनस ने उन्हें प्रियंका के शो 'क्वांटिको' के बारे में बताया था। इसके बाद निक ने सनसेट बुलेवार्ड पर शो का पोस्टर देखा, जिसमें प्रियंका का बड़ा बिलबोर्ड लगा था।

निक ने बताया था कि उन्होंने इसके बाद एक्स (पहले ट्विटर) पर जांच की कि क्या प्रियंका उन्हें फॉलो करती हैं। प्रियंका पहले से ही उन्हें फॉलो कर रही थीं, जिसके बाद निक ने उन्हें पहला संदेश भेजा। उन्होंने लिखा था, 'हलो, मैंने कुछ लोगों से सुना है कि हमें मिलना चाहिए। मैं भी उन लोगों की बात से पूरी तरह सहमत हूं, क्या आप जल्द ही कभी लॉस एंजिल्स आ रही हैं?'

निक के इस संदेश पर प्रियंका ने जवाब दिया था, 'हे, ग्राहम ने मुझे तुम्हारे बारे में काफी कुछ बताया है। चलो फोन पर टेक्स्ट करते हैं, वो ज्यादा प्राइवेट रहेगा क्योंकि मेरी टीम भी इस सोशल मीडिया अकाउंट को एक्सेस कर सकती है।'

साल 2017 में प्रियंका और निक पहली बार 'वैनिटी फेयर ऑस्कर्स आफ्टर पार्टी' में आमने-सामने मिले थे। इसके बाद दोनों मेट गाला 2017 में साथ नजर आए। आखिरकार दिसंबर 2018 में दोनों ने उदयपुर में हिंदू और क्रिश्चियन रीति-रिवाजों से शाही अंदाज में शादी की थी। अब दिवाली सेलिब्रेशन की तस्वीरों को लेकर सोशल मीडिया पर शुरू हुई बहस ने एक बार फिर प्रियंका चोपड़ा को चर्चा में ला दिया है।

Next Story